पहले 7526 थे परीक्षा केंद्र, जनपदीय समिति के अनुमोदन के बाद बढ़कर हुए 8113
प्रयागराज में सर्वाधिक 335 केंद्र, शामली में सबसे कम 31 परीक्षा केंद्र निर्धारित
Prayagraj । यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा 2027 के लिए प्रदेशभर में प्रस्तावित परीक्षा केंद्रों की सूची जारी कर दी गई है। केंद्रों की संख्या बढ़कर 8113 हो गई है। सबसे ज्यादा प्रयागराज में 335 विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। बोर्ड ने सूची अपनी आधिकारिक वेबसाइट upmsp.edu.in पर अपलोड कर दी है। किसी विद्यालय को केंद्र की दूरी, आवंटित परीक्षार्थियों की संख्या या अन्य निर्धारित मानकों को लेकर आपत्ति है तो वह 21 नवंबर तक ऑनलाइन प्रत्यावेदन दे सकता है। बोर्ड सचिव भगवती सिंह की ओर से जारी सूचना के अनुसार, आपत्ति दर्ज कराने के लिए विद्यालय की आईडी से ही ऑनलाइन पोर्टल पर आवेदन करना होगा। प्रत्यावेदन में आपत्ति का उचित कारण बताने के साथ संबंधित साक्ष्य भी अपलोड करना अनिवार्य है। 21 नवंबर के बाद कोई आपत्ति स्वीकार नहीं की जाएगी। प्राप्त आपत्तियों के निस्तारण के बाद 27 नवंबर को परीक्षा केंद्रों की अनंतिम सूची जारी की जाएगी।
परीक्षा केंद्रों की सूची और आपत्ति की समयसीमा
बोर्ड ने पहले सॉफ्टवेयर की मदद से 7526 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए थे। इनमें 862 राजकीय, 2376 सहायता प्राप्त और 3388 वित्तविहीन विद्यालय शामिल थे। इसके बाद जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित जनपदीय केंद्र निर्धारण समिति ने सूची का परीक्षण कर अनुमोदन दिया। इसके बाद केंद्रों की संख्या बढ़कर 8113 हो गई। इनमें 619 राजकीय, 3383 सहायता प्राप्त और 4111 वित्तविहीन विद्यालय परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
केंद्र निर्धारण और विद्यालयों का वर्गीकरण
प्रयागराज मंडल में प्रयागराज के अलावा प्रतापगढ़ में 180, फतेहपुर में 113 और कौशाम्बी में 79 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। प्रदेश में सबसे कम 31 केंद्र शामली में हैं। बागपत में किसी वित्तविहीन विद्यालय को केंद्र नहीं बनाया गया है। यहां 35 केंद्रों में दो राजकीय और 33 सहायता प्राप्त विद्यालय शामिल हैं। वहीं आजमगढ़ में 273, लखनऊ में 119 और बरेली में 131 केंद्र बनाए गए हैं।
[

