मुख्य खबरों पर जाएँ
परपंच न्यूज़ कानपुर और आसपास की भरोसेमंद खबरेंTuesday, 3 November 2026
विज्ञापन
होम›खेल›New delhi : वीरेंद्र सहवाग रियलिटी शो राइज एंड फॉल में होस्ट की भूमिका में नजर आयेंगे
खेल

New delhi : वीरेंद्र सहवाग रियलिटी शो राइज एंड फॉल में होस्ट की भूमिका में नजर आयेंगे

Akash Chaudharyअपडेट: September 18, 2026

यमराज से लेकर न्यूटन और डॉक्टर तक के लुक में दिखे

New delhi । भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं। दो- दो तिहरे शतक लगाने वाले वह एकमात्र भारतीय क्रिकेटर हैं। खेल से संन्यास के बाद वह अपने अलग अंदाज के कारण सोशल मीडिया में छाये रहते हैं। सहवाग अब अमेजन एमएक्स प्लेयर के लोकप्रिय रियलिटी शो राइज एंड फॉल के दूसरे सत्र की मेजबानी करने जा रहे हैं। इसी कड़ी में वह आजकल एक बिल्कुल नए अवतार में धूम मचा रहे हैं। हाल ही में उनकी कई तस्वीरें वायरल हुई हैं जिनमें वह यमराज से लेकर न्यूटन और डॉक्टर तक के लुक में नजर आ रहे हैं।

सोशल मीडिया पर वायरल हुई तस्वीरों में सहवाग का मजाकिया और बहुमुखी स्वभाव साफ झलक रहा है। एक तस्वीर में वह काले लिबास और मुकुट के साथ यमराज के गंभीर गेटअप में दिख रहे हैं, तो दूसरे में वह एक पेड़ के नीचे किताब पढ़ते हुए न्यूटन की मुद्रा में सेब गिरने का इंतजार कर रहे हैं।

इतना ही नहीं, उन्हें आईसीयू में मरीज से बात करते हुए एक डॉक्टर के रूप में भी देखा गया, और एक मजेदार तस्वीर में वह स्कूल टीचर बनकर बच्चों से उठक-बैठक करवा रहे हैं। इन अनोखे किरदारों में सहवाग को देखना उनके प्रशंसकों के लिए किसी रोमांच से कम नहीं है, और यह उनके मजाकिया व्यक्तित्व का ही एक और प्रमाण है, जिसे वह अपने क्रिकेट करियर के दौरान भी बनाए रखते थे।

यह सभी गेटअप राइज एंड फॉल सीजन 2 के प्रमोशन का हिस्सा हैं। पहले सत्र में इस शो की मेजबानी उद्योगपति अश्नीर ग्रोवर ने की थी पर अब ये सहवाग संभालेंगे। यह शो अमेजन एमएक्स प्लेयर पर प्रसारित होगा, जिसमें प्रतिभागियों को विभिन्न चुनौतियों का सामना करना होगा और उन्हें अपने उत्थान और पतन की कहानी खुद गढ़नी होगी।

शो के दूसरे सत्र में हिस्सा लेने वाले प्रतियोगियों की लिस्ट भी सामने आ गई है, जिसमें कई जाने-माने चेहरे शामिल हैं। अभिनेत्री स्वरा भास्कर, अभिनेता करण पटेल और बिग बॉस फेम प्रियंका चाहर चौधरी जैसे लोकप्रिय कलाकार इस सीजन का हिस्सा होंगे। क्रिकेट के मैदान पर अपनी निर्भीक शैली के लिए जाने जाने वाले वीरेंद्र सहवाग अब छोटे पर्दे पर अपनी अनोखी होस्टिंग स्टाइल से दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए तैयार हैं। उनका यह नया अवतार निश्चित रूप से राइज एंड फॉल को एक नया आयाम देगा।