मुख्य खबरों पर जाएँ
परपंच न्यूज़ कानपुर और आसपास की भरोसेमंद खबरेंMonday, 2 November 2026
विज्ञापन
होम›कानपुर›Kanpur : शहनाई की गूंज के बीच 52 जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हाथ
कानपुर

Kanpur : शहनाई की गूंज के बीच 52 जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हाथ

Akash Chaudhary

क्षत्रिय पैलेस में वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक रीति-रिवाजों के बीच संपन्न हुए विवाह, नवदंपतियों को मिले उपहार

Kanpur । मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत सोमवार को हमीरपुर रोड स्थित क्षत्रिय पैलेस में सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। इसमें बिधनू विकासखंड के 52 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधे। सभी का विवाह धार्मिक रीति-रिवाजों और विधि-विधान के साथ संपन्न कराया गया।

#kanpur

समारोह में अनुसूचित जाति और जनजाति के 43, अन्य पिछड़ा वर्ग के सात, सामान्य वर्ग का एक और अल्पसंख्यक वर्ग का एक जोड़ा शामिल रहा। योजना के तहत गरीब, निराश्रित और जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह की व्यवस्था की गई। इसमें विधवा, परित्यक्ता और तलाकशुदा महिलाओं को भी शामिल किया गया।

प्रत्येक नवविवाहित जोड़े पर एक लाख रुपये खर्च किए जाने का प्रावधान है। इसमें 64 हजार रुपये कन्या के बैंक खाते में भेजे जाते हैं, जबकि 21 हजार रुपये की उपहार सामग्री दी जाती है। शेष 15 हजार रुपये आयोजन और अन्य व्यवस्थाओं पर खर्च होते हैं।

समारोह में दूल्हा-दुल्हन और उनके परिजनों का स्वागत शहनाई की मधुर धुनों के बीच किया गया। स्थानीय कलाकारों ने राधा-कृष्ण की रासलीला पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर माहौल को उत्सवमय बना दिया।

कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख अरुण कुमार कोरी, जिला समाज कल्याण अधिकारी शैलेन्द्र कुमार गौतम और खंड विकास अधिकारी आशीष मिश्र समेत अन्य अधिकारी, कर्मचारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। सभी 52 जोड़ों का विवाह हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ।