ट्रायल में पांच मुकाबले जीतकर यूपी में हासिल किया पहला स्थान, शिलॉन्ग में दिखाएंगी निशानेबाजी का दम
Kanpur । शहर की उभरती तीरंदाज रत्नम दीक्षित ने अपनी प्रतिभा और शानदार प्रदर्शन के दम पर सीनियर नेशनल तीरंदाजी टीम में जगह बना ली है। दो नवंबर को विश्वास एक्सीलेंसी आर्चरी अकादमी, बरेली में आयोजित सीनियर नेशनल टीम चयन ट्रायल में रत्नम ने बालिका वर्ग की इंडियन राउंड रॉबिन स्पर्धा में सात में से पांच मुकाबले जीतकर 12 अंक हासिल किए। इस प्रदर्शन के साथ उन्होंने उत्तर प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया।
रत्नम अब 11 नवंबर से मेघालय के शिलॉन्ग में आयोजित होने वाली एनटीपीसी सीनियर नेशनल तीरंदाजी प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश की ओर से निशाना साधेंगी। वह यूथ आर्चरी अकादमी, कानपुर की खिलाड़ी हैं। उनकी इस सफलता में प्रशिक्षक कोच शिवश्रय का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
अकादमी के कोच एवं संचालक संदीप कुमार (एनआईएस) ने रत्नम की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि रत्नम की मेहनत, अनुशासन और नियमित अभ्यास ने उन्हें यह मुकाम दिलाया है। उनकी सफलता अकादमी के अन्य खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणादायक है।

