New delhi । भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने एशियाई खेल 2026 के सेमीफाइनल में प्रवेश किया है। भारतीय महिला टीम ने स्पर्धा के अंतिम क्वार्टर फाइनल मुकाबले में जापान की टीम को 8 विकेट से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनायी है। इस मैच में भारतीय टीम के सामने जापानी खिलाड़ी टिक नहीं पायी और पहले बल्लेबाजी करते हुए केवल 57 रन ही बना पायी।
भारतीय टीम ने केवल 2 विकेट खोकर ये लक्ष्य 5 ओवरों में ही हासिल कर लिया। , भारतीय टीम की ओर से युवा सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए मैच को पावरप्ले में ही समापत कर दिया।
इस मैच में भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी शुरु की।
जापान की महिला टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए बेहद धीमी शुरुआत की। शुरुआती पावरप्ले में उन्होंने कोई विकेट नहीं गंवाया, लेकिन सिर्फ 24 रन ही बना पाई। इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने एक के बाद एक विकेट लेकर पूरी जापानी टीम को 20 ओवरों में 57 रनों पर ही समेट दिय। भारतीय टीम की ओर से स्पिनर श्री चरणी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चार विकेट जबकि श्रेयंका पाटिल ने दो विेकेट लिए। दूसरी ओर जापान की ओर से सलामी बल्लेबाज आयका काटो स्टैफर्ड ने सबसे अधिक 25 रन बनाए।
जीत के लिए मिले 58 रनों के छोटे से लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने आक्रामक अंदाज में शुरुआत की। शेफाली वर्मा ने केवल 15 गेंदों में 40 रनों की धमाकेदार पारी खेलकर भारत को तेज जीत दिलाई। उन्होंने कई आकर्षक शॉट लगाए और सुनिश्चित किया कि टीम जल्द से जल्द लक्ष्य हासिल कर ले। हालांकि, मैच की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार अपनी शानदार गेंदबाजी से चार विकेट लेने वाली श्री चरणी को मिला।
इस शानदार जीत के साथ भारतीय महिला टीम ने सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। अब 20 सितंबर को सेमीफाइनल में भारत का मुकाबला बांग्लादेश से होगा। बांग्लादेश ने बारिश और गीले मैदान के कारण रद्द हुए अपने क्वार्टर फाइनल में सीडिंग के आधार पर सेमीफाइनल में प्रवेश किया था।
टूर्नामेंट के अन्य सेमीफाइनल भी तय हो चुके हैं। पहले क्वार्टर फाइनल में पाकिस्तान ने थाईलैंड को एक करीबी मुकाबले में हराकर अंतिम चार में जगह बनाई, जबकि श्रीलंका ने मलेशिया को मात देकर सेमीफाइनल का टिकट कटाया। अब पहले सेमीफाइनल में पाकिस्तान का सामना श्रीलंका से होगा, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में भारतीय टीम बांग्लादेश से भिड़ेगी। मेडल मैच 22 सितंबर को खेले जाएंगे और भारतीय टीम का यह प्रदर्शन टूर्नामेंट में उसकी मजबूत दावेदारी को दर्शाता है। टीम अब स्वर्ण पदक की ओर अग्रसर है।


