कचहरी परिसर में मचा हड़कंप, समझाइश के बाद पुलिस ने सकुशल नीचे उतार
Kanpur। कचहरी परिसर के बाहर पुलिस कार्यालय के पीछे स्थित एक टावर पर मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवती अपने पति की रिहाई की मांग को लेकर टावर पर चढ़ गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया और युवती को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए गए। करीब कई घंटे तक चले हाईवोल्टेज ड्रामे के दौरान आसपास लोगों की भारी भीड़ जमा रही।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवती लगातार अपने पति को जेल से रिहा करने की मांग कर रही थी। पुलिस अधिकारियों ने धैर्य के साथ युवती से बातचीत की और उसे शांत कराने का प्रयास किया। काफी देर तक चली समझाइश और वार्ता के बाद आखिरकार पुलिस टीम युवती को सकुशल नीचे उतारने में सफल रही। इसके बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली।
पुलिस जांच में सामने आया कि युवती की मां ने अक्टूबर 2025 में थाना सचेंडी में अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था। विवेचना के दौरान मामले में पॉक्सो एक्ट की धाराएं भी बढ़ाई गई थीं। इसके बाद आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने नियमानुसार जांच पूरी करते हुए नवंबर 2025 में न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल कर दिया था। वर्तमान में आरोपी युवक न्यायालय के आदेश पर जेल में निरुद्ध है।
बताया गया कि मंगलवार को इसी मामले में न्यायालय में तारीख थी। तारीख के दौरान युवती अचानक टावर पर चढ़ गई और पति की रिहाई की मांग को लेकर प्रदर्शन करने लगी। घटना के चलते कचहरी परिसर में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार युवती की काउंसलिंग कराई जा रही है। साथ ही उसके परिवारजनों और अधिवक्ताओं से समन्वय स्थापित कर आगे की आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल युवती को सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द करने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।


