मुख्य खबरों पर जाएँ
परपंच न्यूज़ कानपुर और आसपास की भरोसेमंद खबरेंWednesday, 25 November 2026
विज्ञापन
होम›कानपुर›Kanpur : पुराने वैट बकाये पर ब्याज में मिलेगी 100% तक छूट 
कानपुर

Kanpur : पुराने वैट बकाये पर ब्याज में मिलेगी 100% तक छूट 

Akash Chaudhary

 

डीएम ने व्यापारियों से योजना का लाभ उठाने की अपील की, औद्योगिक क्षेत्रों में 27 करोड़ के विकास कार्य

Kanpur । पुराने वैट बकाये में फंसे व्यापारियों को राहत देने के लिए राज्य कर विभाग ने ब्याज माफी योजना-2026 शुरू की है। इसके तहत बकाये की मूल धनराशि जमा करने पर ब्याज में 50 से 100 प्रतिशत तक छूट मिलेगी। साथ ही पात्र अर्थदंड भी पूरी तरह माफ होगा। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने बुधवार को जिला व्यापार बंधु एवं उद्योग बंधु की बैठक में व्यापारियों से योजना का लाभ उठाने की अपील की।
नवीन सभागार में हुई बैठक में डीएम ने व्यापारियों और उद्यमियों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए। बताया गया कि 31 दिसंबर 2025 तक के वैट और अन्य संबंधित कर बकायों पर योजना का लाभ मिलेगा।

योजना के तहत दस लाख रुपये तक के बकाये पर ब्याज में शत-प्रतिशत छूट मिलेगी। दस लाख से एक करोड़ रुपये तक 90 प्रतिशत, एक से पांच करोड़ रुपये तक 75 प्रतिशत और पांच करोड़ रुपये से अधिक के बकाये पर 50 प्रतिशत छूट दी जाएगी। हालांकि मूल बकाया धनराशि जमा करनी होगी।

 

तीन औद्योगिक क्षेत्रों में खर्च हुए 27 करोड़

नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने बताया कि दादानगर, फजलगंज और पनकी औद्योगिक क्षेत्रों से तीन वर्षों में करीब 40 करोड़ रुपये कर वसूला गया। इसके सापेक्ष लगभग 27 करोड़ रुपये विकास कार्यों पर खर्च किए गए हैं। डीएम ने विकास कार्यों का विवरण औद्योगिक संगठनों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

जलभराव और सड़क की समस्याएं उठीं
बैठक में रूमा और भौंती औद्योगिक क्षेत्रों में जलभराव के स्थायी समाधान पर चर्चा हुई। इस्पात नगर में सड़क, नाली, सीवर और प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। पनकी साइट-4 की क्षतिग्रस्त सड़क, भौंती में सड़क और नाला निर्माण, फ्लाईओवर की सर्विस लेन पर रैंप तथा चकेरी औद्योगिक क्षेत्र में जलनिकासी की समस्या भी उठाई गई।
बैठक में सीडीओ अभिनव जैन, एडीएम सिटी सौरभ सिंह, एसडीएम सदर अनुभव सिंह, फीटा के उमंग अग्रवाल, सुरेश गुप्ता, बृजेश, कपिल सबरवाल और नौघड़ा कपड़ा कमेटी के शेष नारायण त्रिवेदी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और व्यापारी प्रतिनिधि मौजूद रहे।