ठिठुरती सुबह में भी नहीं डिगी श्रद्धा, हर-हर गंगे के जयकारों से गूंजे घाट, देव दीपावली पर दीपों से जगमगाया गंगा तट
Kanpur । ठिठुरती सुबह, गंगा की लहरें और हजारों श्रद्धालुओं की आस्था… कार्तिक पूर्णिमा पर मंगलवार को शहर के गंगा घाटों पर कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला। सूरज निकलने से पहले ही श्रद्धालुओं की भीड़ घाटों की ओर बढ़ने लगी। बिठूर से लेकर सरसैया, परमट, अटल, लक्ष्मण, मैगजीन और बाबा घाट तक हर तरफ भक्ति और उल्लास दिखाई दिया। ठंडे पानी में डुबकी लगाते श्रद्धालुओं के होंठों पर हर-हर गंगे का जयकारा था तो मन में सुख-समृद्धि की कामना।
ब्रह्म मुहूर्त से ही गंगा स्नान का सिलसिला शुरू हो गया। किसी ने परिवार के साथ पुण्य की डुबकी लगाई तो किसी ने स्नान के बाद सूर्यदेव को अर्घ्य देकर पूजा-अर्चना की। घाटों पर दीपदान, दान-पुण्य और धार्मिक अनुष्ठानों का दौर चलता रहा। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक हर कोई पर्व की उमंग में सराबोर नजर आया। सुबह की पहली किरण के साथ गंगा तट पर श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ती गई। गंगा स्नान के बाद लोगों ने फूल, अक्षत और दीप अर्पित कर मां गंगा का आशीर्वाद लिया। कई परिवारों ने एक साथ पूजा कर सुख, शांति और खुशहाली की कामना की।
देव दीपावली के मौके पर शाम होते ही घाटों का नजारा और खूबसूरत हो गया। गंगा किनारे जलते दीपों ने अंधेरे को रोशनी में बदल दिया। लहरों के साथ झिलमिलाते दीप और श्रद्धालुओं की पूजा ने घाटों को भक्तिमय बना दिया। दीपों की कतारों के बीच गंगा का प्रवाह मानो उत्सव की चमक को अपने साथ बहा रहा था। लोगों ने गंगा किनारे दीप जलाकर देव दीपावली मनाई और इस दृश्य को अपने कैमरों में भी कैद किया।
सरसैया घाट पर स्नान के साथ तुलसी पूजन हुआ तो सिद्धनाथ घाट पर आस्था और प्रेम का संगम दिखा। ड्योढ़ी घाट पर महिलाओं ने दीप जलाकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था संभाली। पूरे दिन घाटों पर श्रद्धा, परंपरा और दीपों की रोशनी का संगम देखने को मिला।

