Kanpur। शहर में नन्हें क्रिकेटरों के बीच क्रिकेट का बढ़ता आकर्षण जेएनटी अंडर-12 क्रिकेट प्रतियोगिता के ट्रायल में देखने को मिल रहा है। कानपुर साउथ क्रिकेट मैदान पर शनिवार को ट्रायल के दूसरे दिन 202 खिलाड़ियों ने अपने खेल कौशल का प्रदर्शन कर चयनकर्ताओं को प्रभावित करने की कोशिश की।
चयन प्रक्रिया के दौरान केसीए के अनुभवी चयनकर्ता राकेश तिवारी, इन्दरपाल सिंह और फैजान के साथ पूर्व रणजी खिलाड़ी राहुल सप्रू और विकास यादव ने खिलाड़ियों की प्रतिभा को करीब से परखा। सभी प्रतिभागियों को बल्लेबाजी और गेंदबाजी में पर्याप्त मौके दिए गए, जिससे उनकी तकनीक और क्षमता का सही मूल्यांकन किया जा सके। ट्रायल में कानपुर के अलावा लखनऊ, वाराणसी, हमीरपुर, राठ, बांदा, उन्नाव, प्रयागराज, जौनपुर, गाजीपुर, बलिया, झांसी, आगरा और अलीगढ़ समेत कई जिलों से आए खिलाड़ियों ने भाग लिया।
मैदान पर बच्चों का उत्साह और बेहतर प्रदर्शन देखने लायक रहा। प्रतियोगिता के सचिव संजय शुक्ला ने बताया कि चयन प्रक्रिया के अंतिम दिन भी बड़ी संख्या में खिलाड़ियों के पहुंचने की उम्मीद है। चयनित खिलाड़ियों की सूची 12 मई को जेएनटी की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएगी।


