बिल्हौर इंटर कॉलेज के पास छेड़खानी पर भड़की महिला, आरोपी को पकड़ पुलिस के हवाले किया
Kanpur । बिल्हौर में मंगलवार को एक मनचले की हरकत उस पर ही भारी पड़ गई। बिल्हौर इंटर कॉलेज के पास अवस्थी मार्केट में छात्राओं पर फब्तियां कस रहे युवक को एक महिला ने बीच बाजार ऐसा सबक सिखाया कि आसपास मौजूद लोग देखते रह गए। महिला ने आरोपी को कॉलर पकड़कर सड़क पर ही चप्पलों से पीटना शुरू कर दिया। घटना के दौरान बाजार में भीड़ जुट गई और काफी देर तक हंगामे का माहौल बना रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक काफी देर से बाजार और कॉलेज के आसपास घूम रही छात्राओं पर अभद्र टिप्पणियां कर रहा था। इसी दौरान उसने एक युवती से छेड़खानी की कोशिश की। युवती के विरोध करने पर पास खड़ी एक महिला भड़क गई। उसने बिना डरे आरोपी को पकड़ लिया और सरेराह उसकी धुनाई कर दी।

महिला आरोपी को पीटते हुए लगातार कहती रही कि “बेटियों और महिलाओं का सम्मान करना सीखो।” युवक हाथ जोड़कर माफी मांगता रहा, लेकिन महिला ने उसे छोड़ने से इनकार कर दिया। आसपास मौजूद लोगों ने भी महिला का समर्थन किया और आरोपी को भागने नहीं दिया।
घटना से क्षेत्रीय व्यापारियों और अभिभावकों में नाराजगी दिखी। लोगों का कहना है कि बिल्हौर इंटर कॉलेज और अवस्थी मार्केट के आसपास अक्सर मनचलों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे छात्राओं को परेशानी होती है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से इलाके में गश्त बढ़ाने और एंटी रोमियो स्क्वाड को सक्रिय करने की मांग की है।
सूचना पर पहुंची पुलिस आरोपी युवक को हिरासत में लेकर थाने ले गई। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है। लोग महिला की हिम्मत और साहस की जमकर सराहना कर रहे हैं।


