Kanpur। केसीए से मान्यता प्राप्त चंद्रा क्रिकेट अकादमी की ओर से आयोजित स्पार्क चंद्रा प्रीमियर लीग (एससीपीएल) में रविवार को खेले गए मैच में कलावती सुपरकिंग्स इलेवन की टीम ने हेलिजर बार्डन इलेवन को आठ विकेट से मात दी। जीत में विशाल यादव ने शतकीय पारी खेलकर अपनी टीम को जीत दिलाने में योगदान दिया।

मंधना स्थित चंद्रा क्रिकेट मैदान पर खेले गए मुकाबले में हेलिहर बार्डन इलेवन की टीम ने 38.2 ओवर में 176 रन बनाए। टीम से आर्यन साहू ने 96 रन, शिवांश सिंह ने 24 रन की पारी खेली, तो गेंदबाजी में आर्यन खरे ने चार, दर्श यादव ने तीन, आशु राजपूत ने दो विकेट अपने-अपने नाम किए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी कलावती सुपर किंग्स इलेवन की टीम ने 28.3 ओवर में दो विकेट के नुकसान पर 180 रन बनाकर मैच जीता।
जीत में विशाल यादव ने नाबाद 100 रन की पारी खेली व अक्षत अवस्थी ने 44 रन बनाए, तो गेंदबाजी में शिवांश सिंह ने दो को आउट किया। शतकीय पारी खेलने के लिए विशाल यादव को प्लेयर ऑफ द मैच के खिताब से नवाजा गया।


