मुख्य खबरों पर जाएँ
परपंच न्यूज़ कानपुर और आसपास की भरोसेमंद खबरेंWednesday, 18 November 2026
विज्ञापन
होम›खेल›Kanpur : पैरामाउंट और आदर्श क्लब ने दर्ज की जीत
खेल

Kanpur : पैरामाउंट और आदर्श क्लब ने दर्ज की जीत

Akash Chaudhary
KCA

ललित वर्मा और सत्येंद्र यादव ने खेली शानदार पारियां, केडीएमए लीग में दो मुकाबले हुए

 

Kanpur।  केसीए की केडीएमए क्रिकेट लीग में बुधवार को पहले मैच में पैरामाउंट क्लब ने सदर्न क्लब को 56 रन से शिकस्त दी। जबकि दूसरे मुकाबले में आदर्श क्लब ने विनर्स क्लब को 28 रन से पराजित किया।

श्यामनगर स्थित पीएसी मैदान पर खेले गए पहले मुकाबले में पैरामाउंट क्लब ने निर्धारित 35 ओवर में आठ विकेट पर 259 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से ललित वर्मा ने 71 रन और अहमद गजाली ने 42 रन की उपयोगी पारियां खेलीं। जवाब में सदर्न क्लब की टीम छह विकेट पर 203 रन ही बना सकी। कृष्णा बाली ने 97 रन और कृष शर्मा ने 44 रन बनाकर टीम को जीत दिलाने की कोशिश की, लेकिन उन्हें अन्य बल्लेबाजों का पर्याप्त साथ नहीं मिल सका।

 

गेंदबाजी में उज्ज्वल भट्ट ने तीन और तनय बाजपेयी ने दो विकेट हासिल किए। सूरज वर्मा ने भी दो विकेट लेकर पैरामाउंट की जीत में योगदान दिया। वहीं, सिविल लाइंस स्थित डीएवी मैदान पर खेले गए दूसरे मुकाबले में आदर्श क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 45 ओवर में नौ विकेट पर 270 रन बनाए। टीम के सत्येंद्र यादव ने नाबाद 84 रन की शानदार पारी खेली। राज कुशवाहा ने 62 और निखिल यादव ने 53 रन बनाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। गेंदबाजी में रितेश यादव, फैज अहमद और आदर्श पोरवाल ने दो-दो विकेट लिए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी विनर्स क्लब की टीम 42.2 ओवर में 242 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से फैज अहमद ने 49 और राधेश्याम ने 47 रन बनाए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। आदर्श क्लब की ओर से रविंद्र कुमार ने तीन और देवेश तिवारी ने दो विकेट झटके। इस तरह आदर्श क्लब ने मुकाबला 28 रन से अपने नाम किया।