वैष्णवी राय ने चार विकेट लेकर दिलाई सात विकेट से शानदार विजय
Kanpur । केसीए से आबद्ध वुमंस चैंपियन ट्रॉफी में रवनीत टिफिन सर्विसेज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अवी फाउंडेशन को सात विकेट से करारी शिकस्त दी। टीम की जीत में वैष्णवी राय ने गेंदबाजी से अहम भूमिका निभाई। उनके शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
नवाबगंज स्थित वीएसएसडी डिग्री कॉलेज मैदान पर खेले गए मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करने उतरी अवी फाउंडेशन की टीम 30.1 ओवर में 88 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से नेहा ने सर्वाधिक 17 और ईशा पांडे ने 10 रन बनाए। रवनीत टिफिन सर्विसेज की ओर से वैष्णवी राय ने घातक गेंदबाजी करते हुए चार विकेट झटके। माही ने तीन और दीपिका श्रीवास्तव ने दो विकेट हासिल किए।
जवाब में रवनीत टिफिन सर्विसेज ने 16.3 ओवर में तीन विकेट खोकर 89 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। टीम की ओर से नंदनी साहू ने 22 और नेहा वर्मा ने 14 रन का योगदान दिया। अवी फाउंडेशन की ओर से सौम्या पाल ने दो और ईशा पांडे ने एक विकेट हासिल किया।

