वाराणसी कैंप में हुआ चयन, तीन मई से मध्य प्रदेश के खिलाफ शुरू होगा यूपी का अभियान
Kanpur। छत्तीसगढ़ में एक मई से होने वाली अंडर-20 नेशनल फुटबाल चैंपियनशिप में उप्र की टीम से शहर के तीन खिलाड़ी खेलेंगे। वाराणसी में संपन्न हुए प्रदेश टीम के कैंप के बाद घोषित उप्र की टीम में शहर के विहान खन्ना, रोहित सिंह और निखिल सिंह यादव का चयन टीम में हुआ।

कानपुर फुटबाल एसोसिएशन के सचिव अजित सिंह ने बताया कि उप्र की टीम में इनके अलावा मो. साजिद, शिवम यादव, मो. सहविज, अबू, फरहान खान, मो. वाजिद अली, मो. नदीम, गौरव चौहान, अभिषेक कुमार, जाने आलम, शिवम पटेल, प्रशांत सिंह, सुशांत गुप्ता, मो. कैफ और विशाल रावत उप्र की टीम के लिए चुने गए।
टीम का कोच पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी शम्सी रजा, मैनेजर एमएस बेग और फिजियो डा. प्रेम प्रकाश को बनाया गया। उप्र की टीम नेशनल फुटबाल में पहला मुकाबला तीन मई को मध्य प्रदेश के साथ खेलेगी। पांच मई को अरुणाचल प्रदेश से दूसरा और सात मई को मिजोरम से अंतिम लीग मुकाबला होगा।


