Kanpur । ।यूपी टी-20 लीग के चौथे सत्र से पहले कानपुर सुपरस्टार्स के मालिक आयुष लालवानी ने टीम की तैयारियों पर संतोष जताते हुए कहा कि राज्य स्तरीय टी-20 लीग युवा खिलाड़ियों के लिए सुनहरा अवसर बन गई है। स्वस्थ प्रतिस्पर्धा से नई प्रतिभाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिल रही है और यही इस लीग की सबसे बड़ी उपलब्धि है। यह बात उन्होंने टीम की नीलामी के बाद अपने विचार साझा करते हुए कही।

उन्होंने बताया कि टीम प्रबंधन का लक्ष्य हर विभाग में संतुलित टीम तैयार करना था, जिसमें सफलता मिली है। टीम में अनुभवी बल्लेबाज समीर रिजवी, तेज गेंदबाज मोहसिन खान, कर्ण शर्मा और भारत अंडर-19 टीम के पूर्व कप्तान मोहम्मद अमान जैसे खिलाड़ी शामिल हैं। उनका अनुभव युवा खिलाड़ियों के लिए काफी उपयोगी साबित होगा।
आयुष लालवानी ने यूपीसीए की स्पीड हंट पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे प्रदेश के प्रतिभाशाली तेज गेंदबाजों को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिल रहा है। यूपी टी-20 लीग उन्हें आईपीएल और भारतीय टीम तक पहुंचने का मंच प्रदान कर रही है।
उन्होंने कहा कि राज्य स्तरीय लीगों के बढ़ने से खिलाड़ियों में सकारात्मक प्रतिस्पर्धा पैदा हुई है। हर खिलाड़ी जानता है कि एक बेहतरीन सीजन उसके करियर की दिशा बदल सकता है। इसलिए युवा खिलाड़ी लगातार मेहनत कर रहे हैं और अपने प्रदर्शन में सुधार ला रहे हैं।
कानपुर सुपरस्टार्स 15 अगस्त को लखनऊ के इकाना स्टेडियम में नोएडा किंग्स के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी। 28 अगस्त से प्रतियोगिता का दूसरा चरण ग्रीनपार्क स्टेडियम में खेला जाएगा, जबकि छह सितंबर को फाइनल मुकाबला होगा।


