Kanpur । शहर की मेजबानी में संपन्न हुई तीन दिवसीय राज्यस्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में 63 जिलों के 600 से ज्यादा खिलाड़ियों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी अब नौ जून को सिक्किम में होने वाली नेशनल ताइक्वांडो चैंपियनशिप का हिस्सा बनेंगे। नेशनल ताइक्वांडो में उप्र की टीम से राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ी उतरेंगे।
उप्र ताइक्वांडो कमेटी के चेयरमैन डा. रजत आदित्य दीक्षित ने बताया कि आर्यनगर स्थित द स्पोर्ट्स हब में हुए राज्यस्तरीय ताइक्वांडो के सब जूनियर बालक वर्ग के 29 किग्रा में बिजनौर के मो. जैद, अंडर-16 बालिका वर्ग में लखनऊ की देशप्रीत ने स्वर्ण तथा अंडर-20 वर्ग में आगरा की देवांशी ने स्वर्णिम छाप छोड़ी।
सब जूनियर अंडर-18 वर्ग में इटावा के आदित्य, सब जूनियर के अंडर-25 वर्ग में लक्ष्य, अंडर-50 वर्ग में गाजीपुर के हर्ष, अंडर-21 किग्रा वर्ग में बरेली के शौर्य, अंडर-18 वर्ग में गौतमबुद्ध नगर के कर्तव्य, अंडर-23 वर्ग में लखनऊ के अरिहंत, अंडर-35 बालिका वर्ग में मुरादाबाद की देवांशी ने स्वर्ण पदक जीतकर उप्र की टीम में चयन पक्का किया है।
इसी प्रकार कैडेट वर्ग के मुकाबलों में अंडर-33 किग्रा वर्ग में आगरा, अंडर-37 वर्ग में गाजीपुर के यश, अंडर-57 किग्रा वर्ग में गौतम बुद्ध नगर के सुहान, अंडर-61 वर्ग में आगरा के विजय, कैडेट बालिका वर्ग के 29 किग्रा में इटावा की सिद्धि, अंडर-33 वर्ग में गाजियाबाद की नंदिनी तथा अंडर-44 में आगरा की काजल ने स्वर्ण पदक जीता।
प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग के अंडर-49 किग्रा वर्ग में आगरा की अंशिका, अंडर-55 किग्रा वर्ग में अलीगढ़ की अंशिका, अंडर-59 किग्रा की स्पर्धा में लखनऊ की अंशिका, अंडर-63 किग्रा वर्ग में लखनऊ साईं की खुशी, अंडर-68 किग्रा वर्ग में लखनऊ साईं की नव्या सिंह ने स्वर्ण पदक जीतकर उप्र टीम का टिकट हासिल किया है।


