Kanpur। शहर की क्रिकेट लीग में एंजेल वुमंस टीम ने अपने प्रदर्शन से यह साबित कर दिया कि मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के दम पर हर मंजिल हासिल की जा सकती है। इसी की बदौलत टीम ने इतिहास रचते हुए कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन की केडीएमए क्रिकेट लीग के जूनियर डिवीजन प्लेट ग्रुप में अपराजित रहते हुए 37 अंक प्राप्त कर फाइनल में अपना स्थान पक्का कर लिया है।
टीम ने पूरे टूर्नामेंट में अपराजित रहते हुए फाइनल में जगह बनाकर युवा बालिका खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का एक उदाहरण स्थापित कर दिया है।एंजेल वुमंस टीम ने हर मुकाबले में जुझारूपन और टीम भावना का परिचय दिया। टीम ने पहले मैच में वैदिक यूनियन क्लब को 122 रन से हराकर टीम ने अपने इरादे साफ कर दिए। इसके बाद वंडर वुमंस क्लब पर सात विकेट से पराजित किया।
इसके बाद फ्रेंड्स स्पोर्टिंग क्लब पर नौ विकेट से मात दी। तो चौथे मुकाबले में ग्लोरी क्लब पर आठ विकेट से जीत दर्ज कर टीम ने लगातार सफलता की नई कहानी लिखी।
बालिका खिलाड़ियों का आत्मविश्वास हर मैच के साथ और मजबूत होता गया। फिर यशराज एकेडमी को छह विकेट से धूल चटाई, जबकि बीवीएस एकेडमी को 43 रन से पराजित किया। एक अन्य मुकाबले में सिटी क्लब को 10 विकेट से हराकर टीम ने यह दिखा दिया कि निरंतर अभ्यास सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है।
हालांकि शुक्रवार को खेला जाने वाला मैच बारिश के कारण अंतिम लीग मुकाबला नहीं हो सका, लेकिन एंजेल वुमंस ने पूरे प्लेट ग्रुप में अपराजित रहते हुए 37 अंक अर्जित किए और फाइनल का टिकट हासिल कर लिया।


