मुख्य खबरों पर जाएँ
परपंच न्यूज़ कानपुर और आसपास की भरोसेमंद खबरेंTuesday, 24 November 2026
विज्ञापन
होम›कानपुर›Kanpur : आरटीओ में 27 नवंबर को लगेगा परिवहन मेला, बकाया टैक्स की पेनाल्टी में मिलेगी छूट
कानपुर

Kanpur : आरटीओ में 27 नवंबर को लगेगा परिवहन मेला, बकाया टैक्स की पेनाल्टी में मिलेगी छूट

Akash Chaudhary

एक ही छत के नीचे वाहन पंजीकरण, फिटनेस, परमिट और टैक्स संबंधी समस्याओं का होगा निस्तारण

Kanpur । वाहन स्वामियों को परिवहन विभाग से जुड़ी सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के लिए 27 नवंबर को संभागीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) में विशेष परिवहन मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले में बकाया वाहन टैक्स जमा करने पर नियमानुसार पेनाल्टी में विशेष छूट का लाभ भी मिलेगा। इसके साथ ही वाहन संबंधी लंबित कामों का मौके पर निस्तारण किया जाएगा।

 

आरटीओ प्रशासन राकेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि परिवहन आयुक्त के निर्देश पर वित्तीय वर्ष 2026-27 में चरणबद्ध तरीके से परिवहन मेले आयोजित किए जा रहे हैं। इनका उद्देश्य राजस्व बढ़ाने के साथ वाहन स्वामियों को विभागीय सेवाएं सरल, सुगम और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराना है। मेले में राजस्व वसूली के साथ नागरिक सेवा सुविधा के लिए विशेष व्यवस्था की जाएगी।
वाहन स्वामियों के पुराने बकाया टैक्स और अन्य देयों का मौके पर निस्तारण होगा। उत्तर प्रदेश मोटरयान कराधान नियमावली, 1998 के नियम 24 के तहत बकाया टैक्स पर लगने वाली शास्ति में नियमानुसार छूट दी जाएगी। बकाया जमा होने के बाद वाहन के कर और दस्तावेजों की स्थिति विभागीय पोर्टल पर अपडेट कर दी जाएगी।
मेले में नए वाहनों का पंजीकरण, फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट नवीनीकरण, एकमुश्त और अग्रिम कर जमा करने की सुविधा मिलेगी। आरसी में मोबाइल नंबर दर्ज कराने और संशोधन कराने का काम भी किया जाएगा। पुराने वाहन स्क्रैप कराने पर मिले सर्टिफिकेट ऑफ डिपॉजिट के आधार पर नए वाहन पंजीकरण में सुविधा दी जाएगी।

वाहन स्वामियों की सहूलियत के लिए कर वसूली, पंजीकरण, फिटनेस, परमिट और सहायता के अलग-अलग काउंटर बनाए जाएंगे। भुगतान नकद के अलावा यूपीआई, डेबिट-क्रेडिट कार्ड और नेट बैंकिंग से भी किया जा सकेगा। आरटीओ प्रशासन ने वाहन स्वामियों और ट्रांसपोर्ट एसोसिएशनों से मेले में पहुंचकर लाभ उठाने की अपील की है।