महाराजपुर के गांवों में डर का माहौल, तेंदुए को पकड़ने में जुटी वन विभाग की टीम
Kanpur । गंगा किनारे तेंदुए की दस्तक से महाराजपुर क्षेत्र के गांवों में दहशत फैल गई। तेंदुए के हमले में आठ लोगों के घायल होने की सूचना से ग्रामीणों में डर का माहौल है। लोग घरों से बाहर निकलने में भी सतर्कता बरत रहे हैं। घायलों का उपचार जारी है और सभी की हालत खतरे से बाहर बताई गई है।
तेंदुए की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई और उसे सुरक्षित पकड़ने के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया। पुलिस और वन विभाग की टीमें संयुक्त रूप से क्षेत्र में निगरानी कर रही हैं। एसीपी और महाराजपुर थाना प्रभारी भी मौके पर पहुंचकर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। अधिकारियों की कोशिश है कि तेंदुए को सुरक्षित पकड़कर आबादी से दूर किया जाए, ताकि किसी अन्य व्यक्ति को नुकसान न पहुंचे।
संयुक्त पुलिस आयुक्त विपिन ताड़ा ने ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि तेंदुआ दिखाई देने पर उसके करीब न जाएं, उसे घेरने या भगाने की कोशिश न करें और मौके पर भीड़ न लगाएं। किसी भी गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस या वन विभाग को दें।
गंगा किनारे तेंदुए की मौजूदगी ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल वन विभाग का रेस्क्यू अभियान जारी है और ग्रामीण तेंदुए के पकड़े जाने के बाद ही राहत की सांस लेने की उम्मीद लगाए बैठे हैं।

