Kanpur । बिल्हौर थाना क्षेत्र के उत्तरीपुरा चौकी अंतर्गत लालपुर गांव में ट्रांसफार्मर चोरी की घटना ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है। हैरानी की बात यह है कि अज्ञात चोरों ने उस समय ट्रांसफार्मर पर हाथ साफ किया, जब उसमें बिजली की सप्लाई चालू थी। इतनी बड़ी और जोखिम भरी वारदात ने पुलिस की रात्रि गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार लालपुर गांव में लगा सरकारी बिजली ट्रांसफार्मर रात के अंधेरे में चोरों ने पूरी योजना के तहत चोरी कर लिया। सुबह जब ग्रामीणों की नजर खाली पड़े पोल पर पड़ी तो गांव में अफरा-तफरी मच गई। ट्रांसफार्मर चोरी होने से पूरे गांव की बिजली आपूर्ति पूरी तरह से ठप हो गई, जिससे ग्रामीणों को पेयजल, मोबाइल चार्जिंग, घरेलू कामकाज और बच्चों की पढ़ाई तक में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि उत्तरीपुरा चौकी क्षेत्र में पुलिस की रात्रि गश्त केवल कागजी कार्रवाई बनकर रह गई है। उनका कहना है कि यदि पुलिस सक्रिय होती तो ट्रांसफार्मर जैसा भारी उपकरण चोरी कर ले जाना संभव नहीं होता। ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में बीते कुछ समय से चोरी और आपराधिक घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे चोरों के हौसले बुलंद हैं।
घटना की सूचना मिलते ही बिल्हौर थाना पुलिस और उत्तरीपुरा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही चोरों की पहचान कर घटना का खुलासा किया जाएगा।
वहीं ग्रामीणों ने पुलिस के उच्चाधिकारियों से क्षेत्र में प्रभावी रात्रि गश्त कराने और चोरी हुए ट्रांसफार्मर को शीघ्र बदलवाने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई और आपराधिक घटनाओं पर लगाम नहीं लगी, तो वे सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।


