बार-बार नोटिस के बाद भी नहीं लौटे ड्यूटी पर, विभागीय जांच शुरू
Kanpur । अनुशासनहीनता पर सख्त रुख अपनाते हुए कानपुर पुलिस कमिश्नरेट ने बड़ी कार्रवाई की है। लंबे समय से बिना सूचना ड्यूटी से अनुपस्थित चल रहे 12 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। पुलिस लाइन में तैनात ये कर्मचारी कई दिनों से बिना अनुमति ड्यूटी पर नहीं आ रहे थे।

विभाग की ओर से उन्हें कई बार नोटिस जारी कर वापस ज्वाइन करने के निर्देश दिए गए, लेकिन उन्होंने आदेशों को नजरअंदाज कर दिया। अधिकारियों का कहना है कि संबंधित कर्मियों को पर्याप्त अवसर दिया गया, इसके बावजूद सुधार न होने पर निलंबन की कार्रवाई करनी पड़ी और इसे कर्तव्य के प्रति गंभीर लापरवाही माना गया है। निलंबित कर्मचारियों में उपनिरीक्षक मोनू सिंह, राजेन्द्र कुमार तिवारी, आरक्षी दुष्यन्त सिंह, अंकुर, करन, जितेन्द्र, प्रवीन कुमार, भूपेन्द्र, रवि, अनुचर कुंवर पाल, जय प्रकाश सिंह और स्वीपर छोटे लाल शामिल हैं।
कमिश्नरेट अधिकारियों ने साफ किया है कि पुलिस विभाग में अनुशासन सर्वोपरि है और ड्यूटी में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। फिलहाल सभी निलंबित कर्मियों के खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी गई है और नियमानुसार आगे की कार्रवाई जारी है।


