नवंबर के पहले सप्ताह में स्कूली वाहनों की जांच, नियम तोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई
Kanpur । दीपावली से पहले मंडल की सभी सड़कों को गड्ढामुक्त किया जाएगा। इसके लिए मंडलायुक्त के. विजयेंद्र पांडियन ने संबंधित विभागों को सड़क मरम्मत का काम प्राथमिकता से पूरा कराने के निर्देश दिए हैं। बुधवार को मंडलीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में उन्होंने दुर्घटना संभावित स्थलों पर सुरक्षा के इंतजाम दुरुस्त करने और यातायात नियमों का पालन कराने के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा।
ब्लैक स्पॉट पर होंगे सुधारात्मक कार्य
मंडलायुक्त शिविर कार्यालय में हुई बैठक में मंडलायुक्त ने कहा कि सड़क सुरक्षा के काम में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करते हुए दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाएं। मंडल के सभी ब्लैक स्पॉट की समीक्षा कर वहां जरूरी सुधारात्मक कार्य प्राथमिकता से पूरे कराए जाएं।
स्कूली वाहनों की होगी सघन जांच
पुलिस उपमहानिरीक्षक यमुना प्रसाद ने पुलिस और परिवहन विभाग को यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए। दीपावली पर यात्री बसों की नियमित जांच कर नियम तोड़ने वालों के चालान किए जाएंगे।
नवंबर के पहले सप्ताह में पुलिस और परिवहन विभाग संयुक्त अभियान चलाकर स्कूली वाहनों की जांच करेंगे। इसमें फिटनेस, परमिट, जरूरी अभिलेख, सुरक्षा उपकरण और चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस की पड़ताल होगी। मानकों का उल्लंघन मिलने पर वाहन संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
एंबुलेंस भी जांच के दायरे में
बैठक में एंबुलेंस वाहनों की जांच कर नियमों का उल्लंघन मिलने पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। मंडलायुक्त ने सभी जनपदों में सड़क सुरक्षा अभियान चलाने के लिए पुलिस और परिवहन विभाग को संयुक्त रूप से कैलेंडर तैयार करने को कहा। तय समय-सारिणी के अनुसार अभियान चलाकर यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराया जाएगा।

