कार्यकारिणी की बैठक में हंगामा, नगर आयुक्त के खिलाफ निंदा प्रस्ताव लाने की तैयारी,
Kanpur । नगर निगम कार्यकारिणी की बुधवार को हुई बैठक में अधिवक्ताओं के बैठने को लेकर विवाद हो गया। सभागार में अधिवक्ताओं के बैठने पर नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय नाराज हो गए। विरोध जताते हुए वह अपने अधिकारियों के साथ बैठक छोड़कर बाहर निकल गए। इससे बैठक में हंगामे की स्थिति बन गई। कार्यकारिणी सदस्यों के तेवर भी तीखे हो गए। सदस्यों की ओर से नगर आयुक्त के खिलाफ निंदा प्रस्ताव लाने की तैयारी की जा रही है।
नगर निगम मुख्यालय में दोपहर दो बजे शुरू हुई यह बैठक पहले स्थगित हो चुकी थी। बैठक में नगर निगम के कामकाज और वित्तीय पारदर्शिता से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा होनी थी। इनमें पिछले तीन वर्षों के घर-घर कूड़ा उठान का ब्योरा, नगर निगम निधि से स्वीकृत विकास कार्यों, निविदाओं, बजट आवंटन और खर्च का विवरण आधिकारिक वेबसाइट पर सार्वजनिक करने का मुद्दा शामिल था।
इसके अलावा मासिक आय-व्यय का ब्योरा प्रकाशित करने और स्थानीय निधि लेखापरीक्षा की रिपोर्टों पर भी विचार किया जाना था। विभिन्न समितियों से पार्षदों को हटाने के मामलों और वैधानिक प्रावधानों के अनुपालन पर भी चर्चा प्रस्तावित थी।
बैठक में एसआईटी के गठन के आधार, संबंधित आदेश और उसके अधिकार क्षेत्र को लेकर भी कार्यकारिणी सदस्य सवाल उठाने की तैयारी में थे। हालांकि, शुरुआत में ही विवाद होने से बैठक की कार्यवाही प्रभावित हो गई। नगर आयुक्त के बैठक छोड़कर जाने के बाद नगर निगम में घटनाक्रम को लेकर चर्चाएं तेज हो गईं।

