Kanpur।, 18 सितंबर। केंद्रीय विद्यालय आईआईटी कानपुर में चल रही 55वीं केंद्रीय विद्यालय संगठन राष्ट्रीय खेलकूद प्रतियोगिता में शुक्रवार को बालिका बास्केटबॉल के मुकाबलों में विभिन्न संभागों की टीमों ने दमदार प्रदर्शन किया। अंडर-14 और अंडर-17 वर्ग में खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिले।
अंडर-14 वर्ग में एर्नाकुलम की टीम ने भोपाल को 14-4 से हराकर जीत दर्ज की। जयपुर ने कोलकाता को 26-8 से शिकस्त दी, जबकि दिल्ली की टीम ने चेन्नई को 19-11 से पराजित किया।
अंडर-17 वर्ग में हैदराबाद ने गुवाहाटी को 31-15 से हराया। वहीं, मुंबई ने भोपाल के खिलाफ 44-15 से शानदार जीत दर्ज की। सभी मुकाबलों में खिलाड़ियों ने बेहतर तालमेल, अनुशासन और खेल भावना का परिचय दिया।
17 से 21 सितंबर तक आयोजित प्रतियोगिता में देशभर के केंद्रीय विद्यालय संभागों की बालिका टीमें हिस्सा ले रही हैं। राष्ट्रीय स्तर के इन मुकाबलों से युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ उच्चस्तरीय प्रतियोगिता का अनुभव भी मिल रहा है। प्रतियोगिता के सुचारु संचालन में खेल शिक्षिका वंदना सिंह राठौड़ का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

