Kanpur। भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम के 2008 वर्ल्ड कप विजेता सदस्य तन्मय श्रीवास्तव आइपीएल 2026 में अंपायरिंग करने वाले उप्र के पहले पूर्व क्रिकेटर बन गए हैं। वे नए सीजन में चार मुकाबलों में फील्ड अंपायर, एक में टीवी और पांच मुकाबलों में फोर्थ अंपायर की भूमिका में नजर जाएंगे। वे 28 अप्रैल को पंजाब और राजस्थान के बीच होने वाले मुकाबले में मैदान में दिखेंगे।
उप्र क्रिकेट संघ (यूपीसीए) के तन्मय श्रीवास्तव अंडर-19 में विराट कोहली के साथ खेल चुके हैं। वर्ष 2008 के फाइनल में साउथ अफ्रीका के खिलाफ नंबर तीन पर बल्लेबाजी करते हुए तन्मय ने 46 रन की अहम पारी खेली थी। तन्मय ने 2020 में क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद दूसरी पारी की शुरुआत बतौर अंपायर की। वे इससे पहले आइपीएल 2008 और 2009 में किंग्स इलेवन पंजाब के लिए सात मैच खेल चुके हैं।
तन्मय ने 90 प्रथम श्रेणी, 44 लिस्ट ए और 34 टी-20 मैच खेले हैं, इसमें प्रथम श्रेणी में 4918 रन, लिस्ट ए में 1728 रन और टी-20 में 649 रन बनाए हैं। अब तन्मय श्रीवास्तव बतौर अंपायर नई पारी की शुरुआत करेंगे। वे बीसीसीआइ की अंपायरिंग परीक्षा पास कर चुके हैं।


