सैयद मुश्ताक अली और विजय हजारे ट्रॉफी में संभालेंगे जिम्मेदारी, हैदराबाद को बनाया था वीनू माकड़ ट्रॉफी का चैंपियन
Kanpur । पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज सुदीप त्यागी 14 नवम्बर से शुरू हो रही सैयद मुश्ताक अली टी-20 ट्रॉफी में उत्तर प्रदेश की टीम के नए कोच की जिम्मेदारी संभालेंगे। गाजियाबाद के रहने वाले सुदीप इससे पहले हैदराबाद की अंडर-19 टीम के कोच थे। उनके माग्रदर्शन में पिछले सीजन में हैदराबाद ने वीनू माकड ट्रॉफी पर कब्जा जमाया था।
उनके इसी प्रदर्शन को देखते हुए इस बार उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) ने उन्हें यह जिम्मेदारी देने का फैसला किया है।उत्तर प्रदेश की सीनियर टीम की इस सीजन में शुरुआत काफी अच्छी हुई है। रणजी ट्रॉफी में कोच ज्ञानेंद्र पाण्डेय और कप्तान आर्यन जुयाल के नेतृत्व में टीम ने पहले चरण में अपने ग्रुप-ए में खेले गये चार मैचों में दो में जीत व दो ड्रा खेलकर 19 अंक जुटाते हुए दूसरा स्थान हासिल किया है। टीम के इस प्रदर्शन को देखते हुए उम्मीद लगायी जा रही थी कि सफेद गेंद से शुरू हो रही प्रतियोगिता में भी ज्ञानेंद्र को ही कोचिंग की कमान सौंपी जाये।
हालांकि इसके उलट यूपीसीए ने सैयद मुश्ताक अली व विजय हजारे ट्रॉफी के लिए सुदीप त्यागी को हेड कोच की जिम्मेदारी सौंपी है। भारत के लिए चार वनडे और एक टी-20 समेत 14 आईपीएल खेल चुके सुदीप ने पिछले सीजन में हैदराबाद को चैम्पियन का ताज पहनाकर अपना ठंका बजवाया। उनकी इसी काबलियत को देखते हुए अब 14 नवम्बर से मुंबई में राजस्थान के खिलाफ होने वाली पहली भिड़ंत के लिए उत्तर प्रदेश की टीम अपना दमखम दिखायेगी। इस प्रतियोगिता के लिए उत्तर प्रदेश की टीम की घोषणा भी एक-दो दिन में होगी।
टीम के कोचिंग स्टाफ में सुदीप जहां हेड कोच बनाये गये हैं वहीं एसिस्टेंट कोच की जिम्मेदारी मुसी रजा संभालेंगे। इसके अलावा संजीव जखमोला को बल्लेबाजी कोच, मंसूर अली खान को गेंदबाजी कोच, आसिफ जफर को फील्डिंग कोच तथा अर्जुन चौहान को टीम मैनेजर बनाया गया है। अतिरिक्त स्टाफ में इशरार अजीम खान को ट्रेनर, सुधीर कुमार सिंह को वीडियो एनेलिस्ट, रसेल रोजर पिन्टो को फिजियो, बादल दीक्षित को मसाजर तथा साइडआर्म स्पेशलिस्ट के रूप में मोहम्मद अब्दुल्ला और आकाश शर्मा मौजूद रहेंगे।

