मुख्य खबरों पर जाएँ
परपंच न्यूज़ कानपुर और आसपास की भरोसेमंद खबरेंMonday, 9 November 2026
विज्ञापन
होम›खेल›Kanpur : यूपी टीम में जगह पाने को कानपुर की छह महिला क्रिकेटरों ने ठोकी ताल
खेल

Kanpur : यूपी टीम में जगह पाने को कानपुर की छह महिला क्रिकेटरों ने ठोकी ताल

Akash Chaudhary

Kanpur । बीसीसीआई की अंडर-23 महिला टी-20 क्रिकेट लीग 14 नवंबर से शुरू होगी। प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश की टीम अपने अभियान का आगाज राजस्थान के खिलाफ करेगी। लीग के लिए कानपुर की छह महिला क्रिकेटरों ने यूपी टीम के चयन शिविर में प्रतिभाग किया है।

लखनऊ में दो से छह नवंबर तक चले कैंप में प्रदेश की 30 से अधिक खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा दिखाई। टीम की घोषणा नौ नवंबर तक होने की संभावना है। इसके बाद यूपी की टीम 11 नवंबर को कटक (ओडिशा) के लिए रवाना होगी।

यूपी की टीम पिछले सत्र के प्रदर्शन को पीछे छोड़ते हुए इस बार खिताब जीतने के इरादे से मैदान में उतरेगी। चयन शिविर में कानपुर से बबिता यादव, अर्चना देवी, गरिमा यादव, सिद्दी सिंह, सिद्दी मिश्रा और क्षमा सिंह ने हिस्सा लिया। बबिता यादव बल्लेबाजी में, जबकि अर्चना देवी, गरिमा यादव, सिद्दी सिंह और सिद्दी मिश्रा गेंदबाजी में अपनी प्रतिभा दिखा रही हैं। अर्चना देवी और गरिमा यादव कोच कपिल पांडेय के मार्गदर्शन में अभ्यास करती हैं।

वहीं, सिद्दी मिश्रा रतनलाल शर्मा स्टेडियम में कोच हैदर रिजवी से गेंदबाजी के गुर सीख रही हैं। गरिमा यादव मंधना स्थित चंद्रा क्रिकेट कोचिंग में नीरज के निर्देशन में अभ्यास करती हैं। क्षमा सिंह साउथ मैदान और सिद्दी सिंह व बबिता यादव कानपुर में ही क्रिकेट का प्रशिक्षण ले रही हैं।

पांच लीग मैचों में दिखाना होगा दम
यूपी की टीम 14 नवंबर को राजस्थान के खिलाफ पहला मुकाबला खेलेगी। इसके बाद 15 नवंबर को बंगाल, 17 नवंबर को सौराष्ट्र, 19 नवंबर को तमिलनाडु और 21 नवंबर को गुजरात से भिड़ेगी। इन पांच लीग मुकाबलों में बेहतर प्रदर्शन कर टीम की कोशिश क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने की होगी।

गौरतलब है कि वर्ष 2023-24 के सत्र में यूपी की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल तक का सफर तय किया था। हालांकि खिताबी मुकाबले में हरियाणा ने उसे पराजित कर ट्रॉफी अपने नाम कर ली थी। इस बार यूपी की टीम पिछली नाकामी से सबक लेकर खिताब जीतने के लक्ष्य के साथ उतरेगी।