मुख्य खबरों पर जाएँ
परपंच न्यूज़ कानपुर और आसपास की भरोसेमंद खबरेंThursday, 29 October 2026
विज्ञापन
होम›कानपुर›Kanpur : 16 नवंबर से शुरू होगी स्वगणना, एक दिसंबर से घर-घर पहुंचेंगे प्रगणक
कानपुर

Kanpur : 16 नवंबर से शुरू होगी स्वगणना, एक दिसंबर से घर-घर पहुंचेंगे प्रगणक

Akash Chaudhary

10,467 प्रगणक और सुपरवाइजर संभालेंगे जिम्मेदारी, चार जनवरी तक चलेगा जनसंख्या गणना का काम

Kanpur।  जनगणना-2027 के दूसरे चरण में कानपुर नगर के लोग 16 से 30 नवंबर तक ऑनलाइन स्वगणना कर सकेंगे। इसके बाद एक दिसंबर से चार जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर पहुंचकर जनसंख्या गणना करेंगे। इस कार्य के लिए जिले में 10,467 प्रगणक और सुपरवाइजर लगाए जाएंगे। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने गुरुवार को प्रेसवार्ता में जनगणना की तैयारियों और कार्यक्रम की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि जनगणना की प्रक्रिया पहली बार डिजिटल माध्यम से संचालित की जा रही है।

स्वगणना के लिए परिवार के सदस्य https://se.census.gov.in पोर्टल पर अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। विवरण भरने के बाद मिलने वाली विशिष्ट पहचान संख्या प्रगणक को देनी होगी। वह दर्ज जानकारी का सत्यापन करेंगे। स्वगणना नहीं करने वाले परिवारों की जानकारी प्रगणक घर पहुंचकर दर्ज करेंगे।

40 सवालों के जवाब देने होंगे
जिलाधिकारी ने बताया कि जनसंख्या गणना के लिए निर्धारित प्रश्नावली में 40 प्रश्न शामिल हैं। इनमें परिवार के सदस्यों का नाम, आयु, लिंग, जन्मस्थान, वैवाहिक स्थिति, धर्म, मातृभाषा, शिक्षा, रोजगार, आजीविका, प्रवासन और दिव्यांगता संबंधी जानकारी शामिल है। महिलाओं से संबंधित निर्धारित जनसांख्यिकीय विवरण और बैंकिंग सुविधाओं तक पहुंच के बारे में भी जानकारी ली जाएगी।

नौ जनवरी तक चलेगा पुनरीक्षण
जनगणना के पहले चरण में जिले में 22 मई से 20 जून तक मकान सूचीकरण और मकानों की गणना की जा चुकी है। दूसरे चरण में 16 से 30 नवंबर तक स्वगणना, एक दिसंबर से चार जनवरी तक घर-घर गणना और पांच से नौ जनवरी 2027 तक पुनरीक्षण होगा।

व्यक्तिगत जानकारी रहेगी गोपनीय
जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना में दी गई व्यक्तिगत जानकारी गोपनीय रहेगी और इसे जनगणना अधिनियम, 1948 के तहत कानूनी संरक्षण प्राप्त है। उन्होंने लोगों से सही जानकारी देने की अपील की। साथ ही स्पष्ट किया कि किसी को बैंकिंग पासवर्ड, एटीएम या यूपीआई पिन और ओटीपी नहीं देना है।

प्रेसवार्ता में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) डॉ. विवेक चतुर्वेदी, सहायक निदेशक जनगणना दिनेश कुमार यादव और सहायक जिला प्रभारी हिमांशु शुक्ला मौजूद रहे। अधिकारियों ने लोगों से स्वगणना में भाग लेने और प्रगणकों को पूरा सहयोग देने की अपील की।जनगणना स्वगणना पोर्टल: https://se.census.gov.in
हेल्पलाइन नंबर: 1855
व्हाट्सएप चैटबॉट: 18001801855