Kanpur । दून इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित तीन दिवसीय केएसएस अंतरविद्यालयीय खो-खो प्रतियोगिता (बालक वर्ग) में सीएचएस एजुकेशन सेंटर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियनशिप पर कब्जा जमाया। फाइनल में टीम ने पूर्णचंद्र विद्या निकेतन को एक पारी और 11 अंकों के अंतर से हराकर खिताब अपने नाम किया। श्रीराम एजुकेशन सेंटर ने तीसरा स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता के अंतिम दिन खेले गए पहले सेमीफाइनल में पूर्णचंद्र विद्या निकेतन ने हरमिलाप मिशन स्कूल को कड़े मुकाबले में एक अंक से हराकर फाइनल में जगह बनाई। दूसरे सेमीफाइनल में सीएचएस एजुकेशन सेंटर ने श्रीराम एजुकेशन सेंटर को एक पारी और 11 अंकों से शिकस्त दी। फाइनल में भी सीएचएस की टीम ने शुरू से ही दबदबा बनाए रखा और पूर्णचंद्र विद्या निकेतन को एकतरफा मुकाबले में पराजित कर खिताब जीत लिया। तीसरे स्थान के लिए हुए मुकाबले में श्रीराम एजुकेशन सेंटर ने हरमिलाप मिशन स्कूल को दो अंकों से हराया।
इससे पहले मुख्य अतिथि विधायक महेश त्रिवेदी, विशिष्ट अतिथि कानपुर बुकसेलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अश्विनी गुप्ता, विद्यालय निदेशक सरदार अमरप्रीत सिंह, प्रबंधक सरदार हर्षप्रीत सिंह, प्रबंधन समिति की सदस्य संजोत कौर और नवजोत कौर, प्राचार्या डॉ. कृष्णा चौहान तथा उप प्राचार्या मोनिका जॉन ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया।
समापन समारोह में अतिथियों ने विजेता, उपविजेता और तीसरे स्थान पर रही टीमों को ट्रॉफी एवं प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। इस दौरान डॉ. राम पंजवानी, मुनेन्द्र कुशवाह, शिशुपाल सिंह, कशिश सिंह चंदेल, नारायण जी श्रीवास्तव, अनुज खरे और अनुराधा अवस्थी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

