Kanpur । फाइव ए साइड हाकी इंटर स्कूल प्रतियोगिता का खिताब फतेहपुर की सरस्वती विद्या मंदिर की टीम ने जीता। फाइनल मुकाबले में सरस्वती विद्या मंदिर ने पूर्णचन्द्र विद्यानिकेतन को रोमांचक मुकाबले में 1-0 से शिकस्त दी। एस्ट्रो टर्फ पर स्कूली खिलाड़ियों ने हाकी खेल में प्रतिभा का प्रदर्शन कर दनादन गोल किए और टीम को जीत दिलाई।
शनिवार को ग्रीन पार्क स्टेडियम के एस्ट्रो टर्फ पर जिला हाकी एसोसिएशन की ओर से हाकी प्रतियोगिता में पांच टीमों ने हिस्सा लिया। लीग चरण में खेले गए मुकाबलों में जीत हासिल कर पूर्णचन्द्र विद्यानिकेतन, फतेहपुर की सरस्वती विद्या मंदिर, डीपीएस कल्याणपुर और कैंट बोर्ड ने सेमीफाइनल में जगह बनाई। पहले सेमीफाइनल में पूर्णचन्द्र विद्यानिकेतन की टीम ने 2-0 से कैंट बोर्ड और सरस्वती विद्या मंदिर टीम ने डीपीएस कल्याणपुर को 3-1 से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया।
फाइनल मुकाबले में शानदार प्रदर्शन कर सरस्वती विद्या मंदिर इंटर स्कूल हाकी का चैंपियन बना। विजेता टीम को उप्र टेबल टेनिस के चेयरमैन संजीव पाठक, उप्र वेटरंस क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष इंद्रमोहन रोहतगी और एसोसिएशन के महासचिव राजेंद्र वर्मा ने ट्राफी देकर सम्मानित किया।


