Kanpur । कानपुर सहोदया स्कूल्स (केएसएस जोन-बी) के तत्वावधान में शनिवार को कानपुर पब्लिक स्कूल चकेरी में केएसएस योगासन गर्ल्स चैंपियनशिप का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में 15 विद्यालयों की छात्राओं ने प्रतिभाग कर विभिन्न योगासनों में शारीरिक संतुलन, लचीलापन, स्थिरता और एकाग्रता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता दो आयु वर्गों में आयोजित की गई। ग्रुप-ए में कक्षा तीन से पांच और ग्रुप-बी में कक्षा छह से आठ तक की छात्राओं ने योगासन की विभिन्न मुद्राओं का प्रदर्शन किया। प्रतिभागियों ने आसनों के दौरान शरीर की स्थिति, संतुलन, शुद्धता और स्थिरता के आधार पर अपनी योग क्षमता का परिचय दिया

ग्रुप-ए में यूपी किराना सेवा समिति बालिका विद्यालय, तात्या टोपे नगर की आराध्या ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं, ग्रुप-बी में डॉ. वीरेंद्र स्वरूप एजुकेशन सेंटर, जाजमऊ की कीर्ति सिंह विजेता बनीं।विद्यालय के डायरेक्टर सेवानिवृत्त कर्नल जेएन अग्निहोत्री और प्रधानाचार्या प्रज्ञा अग्निहोत्री ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।

