- Kanpur। झांसी की रानी लक्ष्मीबाई की पुण्यतिथि की पूर्व संध्या पर कानपुर वाले क्रांतिकारी संगठन की ओर से गंगा बैराज स्थित बीसीए ग्राउंड में फाइनल क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया। रोमांचक मुकाबले में भगत सिंह इलेवन ने राजगुरु इलेवन को 35 रनों से पराजित कर रानी लक्ष्मीबाई ट्रॉफी अपने नाम की।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भगत सिंह इलेवन ने निर्धारित 20 ओवरों में आठ विकेट के नुकसान पर 200 रन बनाए। टीम की ओर से राज ने शानदार 55 रन, मयंक शर्मा ने 36 रन और मोनू सिंह ने 24 रन का योगदान दिया। राजगुरु इलेवन के गेंदबाज सौरभ त्रिवेदी ने चार विकेट हासिल किए। 201 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजगुरु इलेवन की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम के शीर्ष चार बल्लेबाज 50 रन के भीतर ही पवेलियन लौट गए।
इसके बाद आशीष जोशी ने 55 रनों की संघर्षपूर्ण पारी खेलकर टीम को जीत दिलाने का प्रयास किया, लेकिन दूसरे छोर से किसी बल्लेबाज का साथ नहीं मिलने के कारण टीम निर्धारित 20 ओवरों में नौ विकेट पर 165 रन ही बना सकी। गेंदबाजी में संतोष यादव ने तीन विकेट और राज ने दो विकेट लेकर जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मैच के समापन पर मुख्य अतिथि अभिमन्यु सिंह भदौरिया व राहुल तिवारी ने विजेता भगत सिंह इलेवन को रानी लक्ष्मीबाई ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।
प्रतियोगिता में राज को मैन ऑफ द मैच, मयंक शर्मा को इंटरटेनर ऑफ द मैच, आशीष जोशी को बैट्समैन ऑफ द मैच, सौरभ त्रिवेदी को फाइटर ऑफ द मैच और संतोष यादव को बॉलर ऑफ द मैच चुना गया। संगठन के अध्यक्ष आशीष मिश्रा ने सभी खिलाड़ियों को स्मृति स्वरूप तुलसी के पौधे भेंट किए, उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।
इस मौके पर सुरेश त्रिवेदी, पवन मिश्रा, अनुज यादव, सौरभ त्रिवेदी, शशांक साहू, करिश्मा वर्मा, राहुल टंडन, अजय, गोपाल, शैलेंद्र दुबे, गोपेन्द्र सिंह भदौरिया समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे।


