Kanpur । आईआईटी के 22वें वार्षिक खेल महोत्सव उद्घोष का शुक्रवार को भव्य शुभारंभ हुआ। 11 अक्तूबर तक चलने वाली इस प्रतियोगिता के पहले दिन बास्केटबाल, क्रिकेट, फुटबाल और पुरुष खो-खो सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के शुरुआती मुकाबले खेले गए। क्रिकेट प्रतियोगिता में इंटीग्रल यूनिवर्सिटी ने केजीआई वाराणसी को 83 रन से हराया।
वहीं, एमिटी यूनिवर्सिटी लखनऊ ने आईआईआईटी सोनीपत को रोमांचक मुकाबले में 29 रन से पराजित किया। इसी तरह, आईआईटी कानपुर के पूर्व छात्रों की टीम ने एकेजीईसी को और जेएसएस ने एकेजीईसी को पराजित किया।
पुरुष फुटबाल प्रतियोगिता में शुक्रवार को चार मुकाबले खेले गए। जिसमें बीआईटी मेसरा ने केआईटी कानपुर को 11-0 से और एकेजीईसी ने एनआईएफटी को 1–0 से हराया। एनआईटी कुरुक्षेत्र और इंटीग्रल यूनिवर्सिटी के बीच मुकाबला बराबरी पर रहा। ओपी जिंदल और इंटरविस के बीच मुकाबला 1–1 से बराबरी पर रहा।
महिला फुटबाल प्रतियोगिता में ओपी जिंदल ने एनआईटी कुरुक्षेत्र को पराजित किया। पुरुष खो-खो प्रतियोगिता में आरजीआईपीटी ने एकेजीईसी के विरुद्ध जीत हासिल की। बास्केटबाल में बीबीडी और आईआईटी गुवाहाटी तथा बीआईटी मेसरा और सिटी अकादमी के बीच मुकाबले खेले गए।
वहीं, प्रतिभागियों और आगंतुकों के लिए कई मनोरंजक गतिविधियां भी आयोजित की गईं। ओपन एयर थिएटर (ओएटी) में फ्रीस्टाइल फुटबाल का प्रदर्शन आकर्षण का केंद्र रहा। हॉल-8 में पेंटबाल, योगा हॉल में प्रोम और स्केटिंग ग्राउंड में साइलेंट डिस्को का आयोजन हुआ।


