कानपुर। गुरुवार देर रात हुई बारिश के कारण 14वीं जेएनटी अंडर-12 क्रिकेट लीग में बारहवें दिन के दो मुकाबले स्थगित कर दिए गए। आयोजन समिति ने बताया कि शुक्रवार को कानपुर साउथ मैदान का निरीक्षण करने के बाद यह फैसला लिया।
मैदान की आउटफील्ड गीली थी, ऐसे में खिलाड़ियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए डीकेजी इंटरटेनमेंट इलेवन बनाम सिग्मा इलेवन और एसएनके इलेवन बनाम लीवरपूल इलेवन के मुकाबले को स्थपित करना पड़ा।
अब यह दोनों ही मुकाबले शनिवार को खेले जाएंगे, सभी टीमों को दोपहर तीन बजे रिपोर्टिंग करने के निर्देश दिए गए हैं। टूर्नामेंट समिति ने स्पष्ट किया है कि यदि शनिवार को भी मौसम अनुकूल नहीं रहता और मैदान खेलने योग्य नहीं बन पाता, तो दोनों मुकाबलों को रद्द घोषित कर संबंधित टीमों को एक-एक अंक प्रदान कर दिए जाएंगे। इस संभावित निर्णय का असर अंकतालिका पर भी पड़ सकता है, क्योंकि दोनों पूल में प्लेऑफ की जंग बेहद रोमांचक स्थिति में पहुंच चुकी है। पूल-ए में लीवरपूल इलेवन और एसएनके इलेवन के बीच मुकाबला करो या मरो की स्थिति वाला माना जा रहा है। वहीं पूल-बी में लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही डीकेजी इंटरटेनमेंट इलेवन शीर्ष स्थान पर कायम है और टीम अपनी जीत की लय बनाए रखना चाहेगी। दूसरी ओर सिग्मा इलेवन अंक तालिका में स्थिति मजबूत करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।
गुरुवार तक खेले गए मैचों के आधार पर अंकतालिका की स्थिति
पूल-ए में लीवरपूल के छह अंक, एसएनके इलेवन, राइजिंग स्टार्स इलेवन के चार-चार अंक और यंग चैंप्स इलेवन के दो अंक हैं।पूल-बी में डीकेजी इंटरटेनमेंट इलेवन ने छह अंक, सिग्मा इलेवन के चार अंक, रॉयल स्ट्राइकर्स इलेवन के दो अंक और वारियर्स बॉयज इलेवन का शून्य है।


