सीएमओ ने जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना, लोगों से अभियान में सहयोग की अपील
Kanpur । पल्स पोलियो अभियान के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए शनिवार को काशीराम चिकित्सालय से जागरूकता रैली निकाली गई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। अभियान 22 नवंबर से शुरू होगा, जिसमें पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी।

रैली काशीराम चिकित्सालय से शुरू होकर रामादेवी चौराहा होते हुए मनोज इंटरनेशनल तक पहुंची। इसके बाद वापस चिकित्सालय आकर संपन्न हुई। रैली में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने लोगों को पोलियो से बचाव के प्रति जागरूक किया। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि अभियान के दौरान अपने पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक जरूर पिलाएं।
इस दौरान डीटीओ, डीआईओ, एनयूएचएम नोडल अधिकारी, डीएसओ, अर्बन आरआई नोडल अधिकारी, एडीआईओ, डीपीएम, अर्बन हेल्थ कोऑर्डिनेटर और जेएसआई अर्बन हेल्थ प्रोग्राम्स के प्रोग्राम ऑफिसर समेत स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
सीएमओ ने कहा कि पोलियो उन्मूलन के लक्ष्य को बनाए रखने के लिए हर बच्चे तक पहुंचना जरूरी है। कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से छूटने न पाए, इसके लिए अभिभावक, जनप्रतिनिधि और समुदाय के लोग स्वास्थ्य विभाग का सहयोग करें। अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने व्यापक तैयारियां की हैं। विभिन्न टीमें आपसी समन्वय से घर-घर और निर्धारित केंद्रों पर बच्चों तक पहुंचकर अभियान को सफल बनाएंगी।

