Kanpur। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) की ओर से कमला क्लब में आयोजित यूपी अंडर-19 महिला टीम के लिए ट्रायल मैच का आयोजन किया गया। इसमें प्रदेश से आईं 126 महिला क्रिकेटरों ने प्रतिभाग किया।
शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से आई खिलाड़ियों ने फिटनेस, बल्लेबाजी और गेंदबाजी कौशल का शानदार प्रदर्शन कर चयनकर्ताओं को प्रभावित करने का प्रयास किया। इस ट्रायल में कानपुर की 27 महिला खिलाड़ी हिस्सा ले रहीं हैं।
ट्रायल मैच में यूपी टीम में स्थान सुनिश्चित करने के लिए खिलाड़ियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। महिला चयन समिति की सदस्य प्रियंका शैली, करिश्मा, सीमा और श्वेता ने ट्रायल मैच के माध्यम से खिलाड़ियों की क्षमता को परखा।
इसमें बल्लेबाजों ने बेहतर शॉट चयन, तकनीक और आत्मविश्वास का प्रदर्शन किया, जबकि गेंदबाजों ने सटीक लाइन-लेंथ और गति से चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित किया। दूसरे दिन शनिवार को कानपुर की महिला खिलाड़ी ट्रायल मैचों में प्रतिभाग करेंगी।


