Kanpur। केसीए की केडीएमए क्रिकेट लीग के पहले मैच में एंजेल वुमंस ने फ्रेंड्स स्पोर्टिंग को नौ विकेट से हराया। दूसरे मैच में यशराज एकेडमी ने वैदिक यूनियन को विशाल स्कोर 231 रन से मात दी। तीसरे मैच में सोनेट क्लब ने आदर्श क्लब को दो रन से पराजित किया। चौथे मैच में साउथ जिमखाना ने भारत क्लब को आठ विकेट से मात दी। पांचवे मैच में कानपुर साउथ ने खांडेकर क्रिकेट एकेडमी को 62 रन से हराया। छठवें मैच में तरुन क्लब ने रोवर्स क्लब को 1 रन से पराजित किया।

श्यामनगर स्थित आरपीसीए मैदान पर खेले गए पहले मैच में फ्रेंड्स स्पोर्टिंग 20.5 ओवर में मात्र 59 रन पर ढ़ेर हो गई। टीम से मयंक शुक्ला ने सर्वाधिक 19 व रोहित ने 17 रन बनाए, तो गेंदबाजी में अर्चना देवी ने छह, सिद्दी मिश्रा व गरिमा यादव ने दो-दो विकेट अपने नाम किए। जवाब में एंजेल वुमंस की टीम ने 8.3 ओवर में एक विकेट के नुकसान पर 61 रन बनाकर मैच अपने नाम किया। जीत में एकता सिंह ने 36 बनाए, तो गेंदबाजी में अनंत ने एक विकेट अपने नाम किया।
।पनकी स्थित रामलखन भट्ट मैदान पर दूसरे मैच में यशराज एकेडमी ने 30 ओवर में पांच विकेट पर 280 रन बनाए। टीम से आर्यन सिंह ने 116, अयमान पाठक ने 108 रन की पारी खेली, तो गेंदबाजी में नीरज सचान ने तीन को आउट किया। जवाब में वैदिक यूनियन की पूरी टीम 10.2 ओवर में मात्र 49 रन पर सिमट गई। टीम से असित यादव ने 11 रन जोड़े, तो गेंदबाजी में नितिन अवस्थी ने पांच, आदित्य सिंह ने तीन को आउट किया।
जाजमऊ स्थित जेम्स मैदान पर तीसरे मैच में सोनेट क्लब ने 40 ओवर में पांच विकेट पर 233 रन बनाए। टीम से आर्यन सिंह ने 76 रन, सुयश सिंह ने 45 रन बनाए, तो गेंदबाजी में शौर्य ने तीन व राहुल ने दो को आउट किया। लक्ष्य का पीछा करते हुए आदर्श क्लब की पूरी टीम 33.3 ओवर में 231 रन पर ऑलआउट हो गई। टीम से सत्येंद्र यादव ने 87 रन, देवेश तिवारी ने 54 रन बनाए, तो गेंदबाजी में सार्थक अग्रवाल व अरुन चौहान ने दो-दो विकेट अपने नाम किए।
चौथे मैच में श्यामनगर स्थित पीएसी मैदान पर भारत क्लब ने 37 ओवर में सात विकेट पर 241 रन बनाए। टीम से शिवा राजपूत ने 100 रन, सागर सिंह ने 57 रन बनाए, तो गेंदबाजी में विकास शर्मा ने दो को आउट किया। जवाब में साउथ जिमखाना ने 31.5 ओवर में दो विकेट पर 244 रन बनाकर मैच जीता। जीत में राहुल यादव ने नाबाद 116 रन व दिव्यांश ने 52 रन बनाए, तो गेंदबाजी में रोहित व मनु सिंह ने एक-एक विकेट झटका।
पांचवे मुकाबले में किदवईनगर स्थित कानपुर साउथ मैदान पर कानपुर साउथ ने 40 ओवर में नौ विकेट पर 209 रन बनाए। टीम से उत्कर्ष यादव ने 73 रन बनाए, तो गेंदबाजी में ब्रजेंद्र ने तीन, हिमांशु व किशन लाल ने दो-दो विकेट अपने नाम किए। जवाब में खांडेकर क्रिकेट एकेडमी की पूरी टीम 28.5 ओवर में 147 रन पर ऑलआउट हो गई।
टीम से हर्षित सिंह ने 59 रन बनाए, तो गेंदबाजी में सद्दाम हुसैन और अनुज पाल ने तीन-तीन विकेट अपने नाम किए। छठवें मैच में जाजमऊ स्थित एवरेस्ट मैदान पर तरुन क्लब ने 40 ओवर में तीन विकेट पर 283 रन बनाए। टीम से अभिषेक शाक्य ने 92 रन, विशेष अग्निहोत्री ने 62 रन और पीयूष मिश्रा ने 54 रन बनाए, तो गेंदबाजी में आदेश व नूरैन अली ने एक-एक विकेट चटकाया। जवाब में रोवर्स क्लब ने 40 ओवर में चार विकेट पर 282 रन बनाकर मैच जीता। जीत में आयुष ने 97 रन, सलमान ने 40 व अभिषेक यादव ने 44 रन बनाए, तो गेंदबाजी में रिषभ व पीयूष ने एक-एक विकेट अपने नाम किया।


