Kanpur । त्रिवेन्द्रम (केरल) में 46वीं नेशनल मास्टर्स एथलेटिक चैंपियनशिप-2026 29 जनवरी को हुई। इसमें कानपुर के पनकी निवासी मास्टर्स एथलीट आनंद शाह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर उत्तर प्रदेश और कानपुर का नाम रोशन किया।
प्रतियोगिता से करीब 20 दिन पूर्व अभ्यास के दौरान कंधे में चोट लगने के बावजूद आनंद शाह ने हार नहीं मानी और निरंतर अभ्यास जारी रखा। उनके इसी जज्बे और अनुभव का परिणाम रहा कि वह चोट से उबरकर स्वर्ण पदक जीतने में सफल रहे। इस चैंपियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर आनंद शाह का चयन आगामी वर्ल्ड मास्टर्स एथलेटिक चैंपियनशिप के लिए हुआ है, जो दक्षिण कोरिया में आयोजित होगी।
जहां वे भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। आनंद शाह ने यह स्वर्ण पदक अपने दिवंगत खिलाड़ी व बचपन के मित्र स्व. नरेंद्र कुमार सिंह को समर्पित किया। जिनका पिछले वर्ष कुंभ के दौरान निधन हो गया था। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय परिवारजनों और सहयोगी खिलाड़ियों को देते हुए सभी का आभार व्यक्त किया।


