मुख्य खबरों पर जाएँ
परपंच न्यूज़ कानपुर और आसपास की भरोसेमंद खबरेंThursday, 12 November 2026
विज्ञापन
होम›कानपुर›Kanpur : बर्तन धोने पर चिढ़ाया तो दोस्त के सीने में घोंपा चाकू, मौत
कानपुर

Kanpur : बर्तन धोने पर चिढ़ाया तो दोस्त के सीने में घोंपा चाकू, मौत

Akash Chaudhary

16 वर्षीय किशोर ने मामूली मजाक से नाराज होकर की वारदात, सीसीटीवी फुटेज से खुलासा; मुख्य आरोपी समेत तीन गिरफ्तार

 

Kanpur । दोस्तों के बीच हुई मामूली हंसी-मजाक की बात इतनी बढ़ गई कि एक किशोर ने अपने ही दोस्त की जान ले ली। लस्सी की दुकान पर बर्तन धोने को लेकर चिढ़ाए जाने से नाराज 16 वर्षीय किशोर ने दोस्त हर्षित के सीने में चाकू घोंप दिया। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरातफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल हर्षित की मौत हो गई। सरेराह हुई इस वारदात की पूरी घटना घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए मुख्य नाबालिग आरोपी समेत तीन को गिरफ्तार किया है।

बर्तन धोने को लेकर बना था मजाक
पुलिस के मुताबिक, फजलगंज थाना क्षेत्र में घटना के समय कुछ दोस्त लस्सी की दुकान पर मौजूद थे। इसी दौरान बर्तन धोने को लेकर दोस्तों ने 16 वर्षीय किशोर को चिढ़ाना शुरू कर दिया। साथियों की हंसी-ठिठोली उसे इतनी नागवार गुजरी कि वह गुस्से से तमतमा उठा। मामूली मजाक को उसने अपनी बेइज्जती समझ लिया। इसी बात को लेकर दोस्तों के बीच विवाद बढ़ गया।

 

 

भेलपुरी के ठेले से उठाया चाकू

गुस्से में आपा खो चुके किशोर ने पास ही लगे भेलपुरी के ठेले से चाकू उठा लिया। इसके बाद उसने अपने दोस्त हर्षित पर हमला कर दिया। सीने पर गंभीर चोट लगने से हर्षित की हालत बिगड़ गई। हमले के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई। आनन-फानन में उसे बचाने का प्रयास किया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। मामूली कहासुनी का अंजाम हत्या के रूप में सामने आया।

सीसीटीवी फुटेज से खुला राज
दिनदहाड़े हुई इस वारदात की जानकारी मिलते ही फजलगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसमें वारदात की तस्वीर सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपियों की पहचान के प्रयास तेज किए। फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मुख्य आरोपी किशोर तक पुलिस पहुंच गई।

मुख्य आरोपी समेत तीन गिरफ्तार
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हत्या के मुख्य नाबालिग आरोपी और उसके दो अन्य साथियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है। उधर, हर्षित की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। दोस्तों के बीच चंद पलों की हंसी-ठिठोली का ऐसा खौफनाक अंजाम सामने आएगा, इसकी किसी ने कल्पना तक नहीं की थी। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है