Mumbai । आईपीएल 2027 सत्र की तैयारी में लगी दिल्ली कैपिटल्स को अब एक नये कप्तान की तलाश करनी होगी। इसका कारण ये है कि पिछले दो सत्र से कप्तान रहे अक्षर पटेल अब अपने पद को छोड़ना चाहते हैं। वहीं एक रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली कैपिटल्स का टीम प्रबंधन चाहता है कि अक्षर कप्तान बने रहें। इसी कारण उन्हें पद न छोड़ने के लिए मनाया जा रहा है।
वहीं माना जा रहा है कि अक्षर की अगुवाई में दिल्ली कैपिटल्स पिछले दोनों ही सीजनों (आईपीएल 2025 और 2026) में प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई करने में असफल रही है, जिसने उनकी कप्तानी पर सवाल खड़े किए हैं। इसी कारण वह ये जिम्मेदारी छोड़ना चाहते हैं।
कप्तानी ही नहीं, बल्कि एक खिलाड़ी के तौर पर भी अक्षर का प्रदर्शन पिछले कुछ सत्रों में में उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है। आईपीएल 2026 में, उन्होंने 11 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए केवल 173 रन बनाए थे, जो एक ऑलराउंडर के लिए काफी कम हैं। वहीं इससे पहले आईपीएल 2025 के सत्र में उनकी गेंदबाजी भी प्रभावी नहीं रही थी और वह 11 पारियों में केवल 5 विकेट ही ले पाए थे। ऐसे में, कप्तानी के साथ-साथ उनके व्यक्तिगत फॉर्म को लेकर भी सवाल उठ रहे थे।
वहीं रिपोर्ट में यह भी खुलासा किया गया है कि अन्य कुछ फ्रेंचाइजी ने अक्षर को ट्रेड के जरिए अपनी टीम में शामिल करने की इच्छा जताई थी, लेकिन दिल्ली कैपिटल्स ने ऐसे सभी प्रस्तावों को सिरे से नकार दिया है। अगर अक्षर नहीं मानते हैं तो इस स्थिति में, दिल्ली कैपिटल्स के पास एक मजबूत विकल्प के तौर पर ऋषभ पंत मौजूद हैं, जिन्हें फिर से कप्तान बनाया जा सकता है।
लखनऊ फ्रेंचाइजी में कुछ साल कप्तानी के अनुभव के बाद ऋषभ की हाल ही में ट्रेड के जरिए दिल्ली कैपिटल्स में वापसी हुई है। उनकी नेतृत्व क्षमता और टीम के साथ पुराना जुड़ाव उन्हें इस भूमिका के लिए एक आदर्श उम्मीदवार बनाता है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि दिल्ली कैपिटल्स का प्रबंधन इस कप्तानी के पेच को कैसे सुलझाता है और आईपीएल 2027 के लिए टीम की बागडोर अंततः किसके हाथ में सौंपता है।

