कानपुर सेंट्रल स्टेशन के प्लेटफॉर्म-7 पर सतर्कता से पकड़ा गया संदिग्ध, चोरी की घटनाओं में संलिप्तता की आशंका
Kanpur। उत्तर प्रदेश पुलिस की 37वीं वाहिनी पीएसी के जवानों ने जीआरपी ड्यूटी के दौरान सतर्कता और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़कर उसके कब्जे से चार मोबाइल फोन और दो महंगी घड़ियां बरामद की हैं। यह कार्रवाई कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-7 पर की गई।
जानकारी के अनुसार, 37वीं वाहिनी पीएसी की 1.5 सेक्शन पीसी संतोष कुमार के नेतृत्व में सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर जीआरपी ड्यूटी पर तैनात थी। इसी दौरान आरक्षी आकाश कुमार और आरक्षी जितेन्द्र वर्मा की नजर एक संदिग्ध व्यक्ति पर पड़ी।
जवानों ने तत्काल सतर्कता दिखाते हुए उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की।तलाशी के दौरान उसके पास से चार मोबाइल फोन और दो घड़ियां बरामद हुईं। प्रारंभिक पूछताछ और सत्यापन में उसके चोरी की घटनाओं में संलिप्त होने की आशंका सामने आई। इसके बाद आरोपी और बरामद सामान को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी पुलिस के हवाले कर दिया गया।
पीएसी जवानों की इस त्वरित कार्रवाई से स्टेशन परिसर में यात्रियों के बीच सुरक्षा का भरोसा और मजबूत हुआ है। मौके पर मौजूद लोगों ने आरक्षी आकाश कुमार और आरक्षी जितेन्द्र वर्मा की तत्परता एवं कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की। वहीं, 37वीं वाहिनी पीएसी ने अपने जवानों की इस उत्कृष्ट उपलब्धि पर उन्हें बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी समर्पण के साथ जनसेवा करने की अपेक्षा जताई है।


