16 प्रमुख मंदिरों में एक हजार पुलिसकर्मी तैनात, आनंदेश्वर मंदिर पर 132 सीसीटीवी कैमरों से रखी गई नजर
Kanpur। सावन मास के पहले दिन गुरुवार को शहर शिवभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। तड़के से ही आनंदेश्वर, सिद्धनाथ, वनखंडेश्वर महादेव, पशुपतिनाथ, नागेश्वर और जागेश्वर समेत प्रमुख शिवालयों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयघोष से मंदिर परिसर गूंज उठे। श्रद्धालुओं ने जल, दूध, बेलपत्र और धतूरा अर्पित कर भगवान शिव का विधि-विधान से अभिषेक किया तथा परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
भारी भीड़ को देखते हुए कमिश्नरेट पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए। शहर के 16 प्रमुख शिवालयों में करीब एक हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई। मंदिर परिसरों और आसपास के क्षेत्रों की निगरानी सीसीटीवी कैमरों से की गई। आनंदेश्वर मंदिर में सर्वाधिक 132 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए।
पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने बताया कि बिठूर से जाजमऊ तक गंगा तट स्थित प्रमुख शिवालयों और घाटों पर जल पुलिस भी तैनात रही। महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई, जिससे दर्शन-पूजन सुचारु रूप से संपन्न हो सके।
जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह के निर्देश पर नगर निगम ने मंदिरों के आसपास विशेष स्वच्छता अभियान चलाया। सफाईकर्मियों ने दिनभर कचरा उठान और सफाई व्यवस्था संभाली। पी रोड स्थित वनखंडेश्वर मंदिर के आसपास अतिक्रमण हटाकर रास्ता सुगम बनाया गया। यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए बैरिकेडिंग और आवश्यक स्थानों पर ट्रैफिक डायवर्जन भी लागू किया गया।
वहीं, केस्को ने सावन और कांवड़ यात्रा को देखते हुए प्रमुख शिवालयों में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की। कांवड़ मार्ग पर लटक रहे बिजली के तार दुरुस्त कराए गए, इंसुलेशन शीट लगाई गई और मंदिरों के पास स्थित ट्रांसफार्मरों की जांच व मरम्मत कराई गई। अधिकारियों ने सिद्धनाथ, पशुपतिनाथ, नागेश्वर और जागेश्वर मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था तथा सीसीटीवी सिस्टम का भी निरीक्षण किया।


