पांडु नदी का पानी घर में घुसने से फंसे थे बुजुर्ग माता-पिता और दंपती, व्हाट्सएप पर लगातार संपर्क में रहा प्रशासन
Kanpur । पांडु नदी का पानी आबादी में पहुंचने से घर में फंसे परिवार के लिए राहत हेल्पलाइन 1070 मदद की उम्मीद बन गई। गर्भवती पत्नी समेत बुजुर्ग माता-पिता के फंसे होने की सूचना मिलते ही प्रशासन ने एनडीआरएफ से संपर्क किया। परिवार से व्हाट्सएप पर लगातार संवाद बनाए रखा गया और करीब 25 मिनट में रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंच गई। टीम ने पानी से घिरे मकान से परिवार के सभी सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
बनपुरवा मजरा ग्राम पिपौरी निवासी कौशल गौतम ने रविवार दोपहर 1070 पर फोन कर बताया कि पांडु नदी का पानी आबादी में आने से उनका परिवार घर में फंस गया है। उनकी पत्नी सुमन गुप्ता गर्भवती हैं और उन्हें चिकित्सकीय परामर्श के लिए बाहर ले जाना जरूरी था। चारों ओर पानी होने के कारण परिवार के लिए खुद बाहर निकलना संभव नहीं था।
सूचना मिलते ही तहसीलदार सदर विनय कुमार द्विवेदी ने राहत एवं बचाव की कार्रवाई शुरू कराई। एनडीआरएफ को सूचना देकर टीम को मौके पर भेजा गया। इस दौरान प्रशासन कौशल से व्हाट्सएप के जरिए लगातार संपर्क में रहा और उन्हें जल्द मदद पहुंचने का भरोसा दिलाता रहा।
करीब 25 मिनट बाद एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू टीम ने कौशल, उनकी पत्नी और बुजुर्ग माता-पिता को सुरक्षित बाहर निकाला। तहसीलदार ने बताया कि गर्भवती महिला को चिकित्सकीय परामर्श के लिए ले जाना जरूरी था, इसलिए परिवार को जल्द सुरक्षित निकालना प्राथमिकता थी। सभी सदस्य सुरक्षित हैं।
कौशल ने प्रशासन और रेस्क्यू टीम का आभार जताते हुए कहा कि सूचना देने के बाद प्रशासन ने लगातार संपर्क बनाए रखा और थोड़े ही समय में टीम मौके पर पहुंच गई।


