Kanpur । कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन की केडीएमए क्रिकेट लीग में रोमांचक मुकाबलों का दौर जारी है। पहले मैच में नेशनल यूथ ने आदर्श क्लब को छह विकेट से हराया। दूसरे मैच में कानपुर क्रिकेटर्स ने ओलंपिक रजि. को आठ विकेट से शिकस्त दी।
तीसरे मुकाबले में गोल्डन स्पोर्टिंग क्लब ने कानपुर जिमखाना को एक विकेट से हराकर रोमांचक जीत दर्ज की, जबकि चौथे मैच में स्काई क्लब ने अशोका ज्योति को 10 विकेट से करारी मात दी।श्यामनगर स्थित पीएसी-ए मैदान पर खेले गए पहले मुकाबले में आदर्श क्लब ने 32 ओवर में आठ विकेट पर 166 रन बनाए। देवेश तिवारी (63), सत्येंद्र यादव (37) और राज कुशवाहा (22) ने अहम योगदान दिया। जवाब में नेशनल यूथ ने 22 ओवर में चार विकेट पर 172 रन बनाकर मैच अपने नाम किया।
दिव्यांशु पांडेय ने नाबाद 72 और अरमान तिवारी ने 50 रन की शानदार पारी खेली। दिव्यांशु पांडेय को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।किदवईनगर स्थित कानपुर साउथ-ए मैदान पर ओलंपिक रजि. ने 30 ओवर में नौ विकेट पर 146 रन बनाए, जिसमें प्रबल (41), यश अरोड़ा (22) और शिवेंद्र (20) ने योगदान दिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए कानपुर क्रिकेटर्स ने 23 ओवर में दो विकेट खोकर 147 रन बनाते हुए आसान जीत हासिल की।
आकाश त्रिवेदी (नाबाद 59), भवानी सिंह (57) और समन्वय दीक्षित (नाबाद 23) ने टीम को जीत दिलाई। अशोक कुमार को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
पनकी स्थित रामलखन भट्ट मैदान पर कानपुर जिमखाना की टीम 29.4 ओवर में 124 रन पर सिमट गई। रिशु ने सर्वाधिक 36 रन बनाए। जवाब में गोल्डन स्पोर्टिंग क्लब ने 29 ओवर में नौ विकेट पर 129 रन बनाकर एक विकेट से रोमांचक जीत दर्ज की। राज सिंह (23), आयुष पांडेय (21) और दिव्या प्रताप (18) ने अहम भूमिका निभाई। अभय प्रताप सिंह को प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया।
जाजमऊ स्थित जेम्स मैदान पर अशोका ज्योति की टीम 21.5 ओवर में 101 रन पर ढेर हो गई। यश सचान ने 18 रन बनाए। स्काई क्लब ने लक्ष्य का पीछा करते हुए 16 ओवर में बिना विकेट खोए 103 रन बनाकर एकतरफा जीत दर्ज की। वीर शर्मा ने नाबाद 60 और अमृत ने नाबाद 33 रन की पारी खेली। वीर शर्मा को प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब मिला।


