Kanpur। जूनियर क्रिकेटरों को मंच देने के लिए नवाबगंज स्थित वीएसएसडी कालेज से शुरू हुई प्रथम एसकेएमके क्रिकेट प्रतियोगिता में पहले दिन पांच मुकाबले खेले गए। इसमें मोरिया एकादश, पीएन कपूर एकादश, आनंदेश्वर एकादश, पटेल एकादश और रचित एकादश ने अपने-अपने मुकाबलों में जीत हासिल की।
लीग के पहले मुकाबले में आनंदेश्वर एकादश ने 24.3 ओवर में 10 विकेट पर 155 रन बनाए।
जवाब में सेलजर्स एकादश 77 रन ही बना सका। आनंदेश्वर एकादश के चाइनामैन गेंदबाज सिद्धांत बाजपेई ने पांच ओवर में 14 रन देकर चार विकेट चटकाए और टीम को लो स्कोर मुकाबले में 78 रन की जीत दिलाई। दूसरे मुकाबले में मोरिया एकादश के 67 रनों के लक्ष्य को केडी एकादश हासिल नहीं कर पाया। मैन आफ द मैच लक्ष्य पाल के पांच विकेट की घातक गेंदबाजी के सामने पूरी टीम 15वें ओवर में 58 रन पर सिमट गई।
तीसरे मुकाबले में प्रयाग एकादश के 109 रनों के लक्ष्य को पीएन कपूर एकादश ने एक विकेट के नुकसान पर आसानी से हासिल किया। लीग में खेले गए अन्य मुकाबलों में पटेल एकादश ने 26 रन से खन्ना एकादश और रचित एकादश ने छह विकेट से बालाजी एकादश को हराया।


