110 वाहनों की जांच में ओवरलोडिंग और बिना प्रपत्र के परिवहन का खुलासा, चार लाख रुपये राजस्व मिला
Kanpur । अवैध खनन, खनिजों के अवैध परिवहन और ओवरलोडिंग के खिलाफ खनिज विभाग ने अभियान चलाकर झांसी-कानपुर रोड पर वाहनों की जांच की। करीब 110 वाहनों की जांच में अनियमितता मिलने पर सात वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। विभाग ने चालान और सीज करने की कार्रवाई के तहत लगभग चार लाख रुपये का राजस्व प्राप्त किया।
जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर के निर्देश पर खान अधिकारी ने पुलिस बल के साथ यह अभियान चलाया। इस दौरान बालू, मौरंग और गिट्टी लदे वाहनों की औचक जांच की गई। जांच में कुछ वाहन ओवरलोडिंग करते मिले, जबकि कुछ के पास खनिज परिवहन से संबंधित वैध प्रपत्र नहीं थे। इसके बाद संबंधित वाहनों के खिलाफ नियमानुसार चालान और सीज करने की कार्रवाई की गई।
जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने टास्क फोर्स और संबंधित अधिकारियों को खनन एवं खनिज परिवहन पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि अवैध खनन, बिना वैध परिवहन प्रपत्र के खनिजों की ढुलाई और ओवरलोडिंग करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों की औचक जांच का अभियान आगे भी जारी रहेगा।


