कानपुर। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) में शनिवार को सेंट्रल जोन इंटर यूनिवर्सिटी फुटबॉल पुरुष प्रतियोगिता 2026-27 का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि वरिष्ठ आयुर्वेदाचार्य डॉ. वंदना पाठक ने किया। पहले दिन खेले गए मुकाबलों में एमजीकेवीपी विश्वविद्यालय और गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय ने जीत दर्ज की।
प्रतियोगिता के मुकाबले सीएसजेएमयू और आईआईटी कानपुर के फुटबॉल मैदानों पर आयोजित किए गए। पहले मुकाबले में एमजीकेवीपी विश्वविद्यालय ने महात्मा ज्योतिबा फुले रोहिलखंड विश्वविद्यालय बरेली को 3-1 से पराजित किया। एमजीकेवीपी की टीम ने पहले हाफ में दो गोल कर मुकाबले पर पकड़ बना ली। दूसरे हाफ में भी टीम ने एक गोल दागा। वहीं बरेली विश्वविद्यालय की टीम एक गोल ही कर सकी। इस तरह एमजीकेवीपी ने दो गोल के अंतर से मुकाबला अपने नाम किया।
दूसरा मुकाबला गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय और शारदा विश्वविद्यालय के बीच खेला गया। दोनों टीमों ने पूरे समय एक-दूसरे को कड़ी टक्कर दी। निर्धारित समय तक मुकाबला 2-2 गोल की बराबरी पर रहा। इसके बाद पेनाल्टी शूटआउट का सहारा लिया गया, जिसमें गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की।
उद्घाटन समारोह में विश्वविद्यालय के प्रति कुलपति प्रो. सुधांशु पांडिया, रजिस्ट्रार राकेश कुमार मिश्रा, विभागाध्यक्ष डॉ. प्रभाकर पांडेय, डॉ. श्रवण कुमार यादव, क्रीड़ा सचिव शुभम हजारिया, सहायक क्रीड़ा सचिव सौरभ तिवारी, डॉ. राजेश प्रताप सिंह, डॉ. आशीष कुमार कटियार और डॉ. निमिषा सिंह कुशवाहा मौजूद रहे। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के शिक्षक, प्रशिक्षक और खेल विभाग से जुड़े अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे।

