आईएमए और डायबिटीज एसोसिएशन ने लोगों को नियमित जांच व बेहतर जीवनशैली अपनाने का दिया संदेश
Kanpur । विश्व मधुमेह दिवस पर शनिवार को इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) कानपुर और कानपुर डायबिटीज एसोसिएशन की ओर से संयुक्त रूप से जागरूकता रैली निकाली गई। सुबह 7:30 बजे मोतीझील स्थित राजीव वाटिका से शुरू हुई रैली अशोक नगर और कारगिल पार्क होते हुए वापस राजीव वाटिका पहुंचकर संपन्न हुई। रैली में चिकित्सकों और अन्य प्रतिभागियों ने हाथों में जागरूकता संदेश लिखी तख्तियां और बैनर लेकर लोगों को मधुमेह के प्रति सजग किया।

इस वर्ष विश्व मधुमेह दिवस की थीम ‘अर्ली एक्शन ऑन डायबिटीज’ रखी गई है। इसके तहत समय पर बीमारी की पहचान, नियमित जांच और उचित उपचार पर जोर दिया गया। चिकित्सकों ने लोगों को संतुलित खानपान, नियमित व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि समय रहते मधुमेह का पता चलने और उपचार शुरू होने से गंभीर जटिलताओं का खतरा कम किया जा सकता है।
इस मौके पर राजीव वाटिका में निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया गया। इसमें 140 लोगों की ब्लड शुगर, 124 की एचबीए1सी और 115 लोगों की सीरम क्रिएटिनिन जांच की गई। जांच के बाद चिकित्सकों ने लोगों को आवश्यक परामर्श दिया।

कार्यक्रम में आईएमए अध्यक्ष डॉ. अमित सिंह गौर, सचिव डॉ. दीपक श्रीवास्तव, कानपुर डायबिटीज एसोसिएशन अध्यक्ष डॉ. रितेश चौधरी, सचिव डॉ. कुणाल सहाय, डॉ. अनुराग मेहरोत्रा, डॉ. नंदिनी रस्तोगी, डॉ. बृज मोहन, डॉ. रोहन कुमार, डॉ. रेनू सिंह गहलौत समेत कई चिकित्सक मौजूद रहे।

