अरमापुर नहर की सफाई और पानी की व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश, महिलाओं के लिए बनेंगे दो चेंजिंग रूम
Kanpur । छठ महापर्व की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचीं महापौर प्रमिला पांडेय अरमापुर नहर स्थित छठ पूजा घाट पर गंदगी देखकर नाराज हो गईं। उन्होंने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को फटकार लगाते हुए पूजा से पहले नहर की सफाई कराने और पर्याप्त पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
महापौर ने गुरुवार को नगर आयुक्त के साथ घाट का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान नहर में जगह-जगह गंदगी और सफाई की अव्यवस्था मिली। इस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को व्यवस्था में तत्काल सुधार करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि छठ पूजा से पहले घाट पर साफ-सफाई और पानी की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, जिससे व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने महिला श्रद्धालुओं की सुविधा और निजता को ध्यान में रखते हुए घाट पर दो अस्थायी चेंजिंग रूम बनवाने के निर्देश दिए। साथ ही घाट और आसपास के रास्तों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने को कहा, ताकि सुबह और शाम पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को आवागमन में दिक्कत न हो।
महापौर ने नगर निगम और सिंचाई विभाग के अधिकारियों को छठ महापर्व से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता (जोन-5) कमलेश पटेल, जोनल स्वच्छता अधिकारी (जेडएसओ-5) अवनीश यादव सहित नगर निगम और सिंचाई विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

