अंडर-19 क्रिकेट में रोमांचक मुकाबला, कानपुर ने दो रन से दर्ज की जीत
Kanpur। 70वीं प्रदेश स्तरीय विद्यालय क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल में कानपुर, लखनऊ, सैफई, गोरखपुर, आगरा व वाराणसी की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रवेश कर लिया है। शुक्रवार को डीएवी मैदान में अंडर-19 वर्ग का फाइनल मुकाबला कानपुर बनाम स्पोर्ट्स कालेज लखनऊ के बीच खेला जाएगा।
गुरुवार को डीएवी मैदान में खेले गए अंडर-19 वर्ग के सेमीफाइनल मुकाबले में कानपुर मंडल की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 12 ओवर में आठ विकेट पर 85 रन बनाए। सर्वाधिक 38 रन राहुल और 21 रन वंश ने बनाए। गेंदबाजी में लखनऊ मंडल की ओर से मान्विक ने तीन व प्रथम ने दो विकेट चटकाए। जवाब में लक्ष्य का पीछा करते हुए लखनऊ की टीम 12 ओवर में आठ विकेट के नुकसान पर 83 रन ही बना सकी।
लखनऊ की ओर से मान्विक 34 के अलावा कोई भी बल्लेबाज टिक नहीं पाया। कानपुर मंडल के गेंदबाज तौफीक ने चार व नैतिक व यथार्थ ने एक-एक विकेट लेकर टीम को फाइनल तक पहुंचाया। वहीं, अंडर-14 वर्ग के सेमीफाइनल में स्पोर्ट्स कालेज सैफई की टीम को आगरा ने 95 रन से और वाराणसी की टीम ने कानपुर को सात विकेट से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया।

